भडक़ाऊ गाने बजाए तो डीजे संचालकों पर होगी सख्त कार्रवाई

एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने ली आसूचना कर्मचारियों की बैठक‡ अवैध गतिविधियों और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे वालों पर सख्ती के निर्देश

सीहोर। आगामी त्योहारों और जिले की कानून व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने जिले के सभी थानों में पदस्थ आसूचना संकलन के कर्मचारियों की एक विशेष समीक्षा बैठक ली। बैठक में एसपी ने मैदानी स्तर पर तैनात कर्मचारियों से उनके क्षेत्र की जमीनी हकीकत जानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक के दौरान एसपी ने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में परशुराम जयंती, अक्षय तृतीया और सामूहिक विवाह सम्मेलन जैसे कई बड़े आयोजन होने वाले हैं। इन कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई चूक न हो, इसके लिए आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित कर बैठकें करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अब स्थानीय स्तर पर वालंटियर भी तैयार करेगी, ताकि भीड़ नियंत्रण और सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
डीजे संचालकों को दो टूक
ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर एसपी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी डीजे संचालकों के साथ संवाद कर उन्हें स्पष्ट समझाइश दी जाए। यदि किसी भी कार्यक्रम या जुलूस के दौरान अनावश्यक शोर या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाडऩे वाले भडक़ाऊ गाने या नारे बजाए गए तो संचालकों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अवैध धंधों पर रहेगी विशेष नजर
बैठक में उन क्षेत्रों को विशेष रूप से चिह्नित किया गया है, जहां पूर्व में सांप्रदायिक तनाव, धर्मांतरण की शिकायतें या अवैध गोवंश तस्करी जैसे मामले सामने आए हैं। एसपी ने निर्देश दिए कि ऐसे हॉट स्पॉट पर खुफिया तंत्र को सक्रिय किया जाए। इसके साथ ही अवैध मादक पदार्थ, अवैध शराब, जुआ-सट्टा और गोवंश तस्करी जैसी गतिविधियों में लिप्त अपराधियों पर नजर रखकर उन पर अविलंब कार्यवाही के आदेश दिए गए हैं।
तेजी से होगा सूचनाओं का आदान-प्रदान
पुलिस अधीक्षक ने आसूचना कर्मचारियों को हिदायत दी कि किसी भी छोटी से छोटी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों को दी जाए। सूचनाओं के आदान-प्रदान में होने वाली देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत, विशेष शाखा प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र यादव, उप निरीक्षक रेखा जोझा सहित जिले के समस्त थानों के खुफिया कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version