
सीहोर। स्कूल शिक्षा विभाग में इन दिनों तबादलों का दौर भारी उठापटक वाला साबित हो रहा है। जिले के शिक्षा महकमे में उस वक्त हरकंप मच गया जब महज 5 दिन (120 घंटे) के भीतर ही जिला शिक्षा अधिकारी की कुर्सी के समीकरण पूरी तरह बदल गए। स्कूल शिक्षा विभाग की उप सचिव मंजूषा विक्रांत राय द्वारा जारी की गई नई तबादला सूची ने 18 जून को जारी हुए अपने ही आदेशों को पलट दिया है। इस सुपर फास्ट फेरबदल को लेकर अब जिले के शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
दरअसल बीते 18 जून को जारी हुई सूची में सीहोर के तत्कालीन डीईओ संजय सिंह तोमर का तबादला देवास जिले के चिमनबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्राचार्य के रूप में किया गया था। उनके स्थान पर देवास से सहायक संचालक सावन पाटीदार को सीहोर का नया डीईओ बनाया गया था। लेकिन यह व्यवस्था हफ्ते भर भी नहीं टिक सकी। मंगलवार को जारी हुई नई सूची में सावन पाटीदार को सीहोर से हटाकर अब राजगढ़ में डीईओ का प्रभार सौंप दिया गया है।
शीलू शर्मा बनीं सीहोर की नई डीईओ
नई तबादला सूची के अनुसार लोक शिक्षण संचालनालय में पदस्थ सहायक संचालक शीलू शर्मा को सीहोर की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे अब सीहोर में डीईओ की जिम्मेदारी संभालेंगी। फेरबदल की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मंगलवार दोपहर को आदेश जारी होने के बाद देर शाम को ही शीलू शर्मा ने सीहोर पहुंचकर अपना कार्यभार भी ग्रहण कर लिया।
संजय तोमर की सीहोर वापसी
इस उठापटक में एक और दिलचस्प मोड़ तब आया जब पूर्व डीईओ संजय सिंह तोमर को देवास भेजने के बजाय पुन: सीहोर में ही रोक लिया गया। नए आदेश के तहत अब उन्हें जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान डाइट सीहोर के प्रभारी प्राचार्य की कमान सौंपी गई है।
चर्चाओं का बाजार गर्म
महज 120 घंटे के भीतर अधिकारियों की इस अदला-बदली और प्रशासनिक खींचतान को लेकर जिले का शिक्षा विभाग अचंभित है। शिक्षकों और विभागीय कर्मचारियों के बीच इस बात को लेकर चर्चा है कि आखिर इतने कम समय में आदेशों को बदलने की नौबत क्यों आई।