Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

गन्ने के पेट्रोल से बनी चाय, चम्मच से बंटी शक्कर, महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन

सीहोर। आसमान छूती महंगाई और रसोई के बिगड़े बजट पर सीहोर शहर में कांग्रेस का एक नया और तीखा अंदाज देखने को मिला। गन्ने से बने एथेनॉल युक्त पेट्रोल के मुद्दे पर चुटकी लेते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीच सडक़ चूल्हा जलाकर चाय पकाई तो वहीं महंगी हुई शक्कर का दर्द जताने के लिए राहगीरों को चम्मच से शक्कर बांटी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती और शहर कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम यादव के नेतृत्व में हुए इस अनूठे प्रदर्शन में रामदेव बाबा और स्मृति ईरानी के पुराने बयानों की याद दिलाकर सरकार पर जमकर निशाने साधे गए।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गन्ने से बने एथेनॉल युक्त पेट्रोल के मुद्दे को प्रतीकात्मक रूप से उठाते हुए चूल्हे पर चाय बनाई। वहीं, आसमान छूती महंगाई के कारण रसोई से शक्कर गायब होने की स्थिति को दर्शाने के लिए आम जनता को चुटकी और चम्मच से शक्कर का वितरण किया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक लोकधुनों और व्यंग्यात्मक नारेबाजी के जरिए महंगाई के प्रति अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।
जनता की कमाई सीमित, खर्च बेहिसाब
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि आज देश का हर नागरिक महंगाई से त्रस्त है। खाद्य पदार्थों से लेकर दैनिक उपयोग की सभी आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार आम लोगों को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि आम जनता की कमाई सीमित है और खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे हर परिवार की रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।
स्मृति ईरानी-बाबा रामदेव के बयान दिलाए याद
शहर कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम यादव ने कहा कि जनता की कमाई कम और महंगाई बेहिसाब है, अब जनता इस संताप को और नहीं सहेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसजनों ने महंगाई कम कराने के लिए योग गुरु बाबा रामदेव और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के पुराने बयानों को याद दिलाते हुए प्रतीकात्मक रूप से उनका आह्वान किया। कांग्रेस नेताओं ने साफ किया कि उनकी पार्टी हमेशा जनता की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कांग्रेसजन
इस विरोध प्रदर्शन में प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती, राजाराम बड़े भाई, शहर अध्यक्ष घनश्याम यादव, विवेक राठौर, नरेंद्र खंगराले, रमेश गुप्ता, मुकेश ठाकुर, पंकज शर्मा, अरुण मालवीय, हसीन कुरैशी, संतोष मालवीय, रेहान शाह, ओम प्रकाश राठौर, प्रीतम दयाल चौरसिया, आरपी शुक्ला, मुनव्वर मामू, कमलेश चांडक, राकेश वर्मा, हफीज चौधरी, मजीद अंसारी, डॉ. अनीस खान, तुलसी राठौर, भगत सिंह तोमर, अजीज भाई, प्रेमनारायण परमार, रियासत भाई, ओम सोनी, लकी सक्सेना, अनुभव सेन, अशरफ अली, जतिन परमार और ब्रजेश पाटीदार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button