आर्य वीरों का प्रदर्शन देख दर्शक हुए मंत्रमुग्ध, चरित्र निर्माण एवं व्यायाम शिविर का भव्य समापन

सीहोर। भारत विकास परिषद शाखा सीहोर और आर्य समाज गंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय चरित्र निर्माण एवं व्यायाम प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन हुआ। स्थानीय सेंट मैरी हायर सेकेंडरी स्कूल गल्ला मंडी प्रांगण में आयोजित इस समापन समारोह में युवाओं के हैरतअंगेज प्रदर्शन को देखकर उपस्थित जनसमुदाय मंत्रमुग्ध हो गया।
समारोह की शुरुआत भव्य यज्ञ के साथ हुई, जिसका संपादन आर्य समाज के पुरोहित धर्मेंद्र शास्त्री ने किया। यज्ञ वेदी पर शिविर में भाग लेने वाले युवाओं के माता.पिता और नगर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने बैठकर आहुतियां दीं।
लाठी, कुंगफू और सैनिक शिक्षा का शानदार प्रदर्शन
यज्ञ के उपरांत आर्य वीर दल के प्रांत संचालक भेरू सिंह आर्य के नेतृत्व में प्रशिक्षित युवाओं आर्य वीरों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। छोटे-छोटे बच्चों द्वारा बनाई गई कठिन योग मुद्राएं, आसन और प्राणायाम देखकर दर्शक अचंभित रह गए। इसके साथ ही युवाओं ने लाठी चलाने, कुंगफू.कराटे और सैनिक शिक्षा का ऐसा जीवंत प्रदर्शन किया कि पूरा प्रांगण तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा।
शिविरों से जागृत होती है राष्ट्रभक्ति और संस्कार
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित नगर के प्रसिद्ध व्यवसायी एवं वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश राय ने कहा कि इस तरह के शिविरों से हमारे समाज के युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, आत्मविश्वास, संस्कार, साहस और सेवा भावना जागृत होती है। नई पीढ़ी को सही दिशा देने के लिए यह एक अत्यंत सशक्त अभियान है।
मध्यभारतीय आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान प्रकाश आर्य ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि इस शिविर की वास्तविक सार्थकता तब है, जब बच्चे यहां सिखाए गए सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारें और देश, समाज व धर्म के कार्यों में अपना अमूल्य योगदान दें।
पत्रकार रघुवर दयाल गोहिया ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि धर्म और संस्कृति के प्रति चेतना जगाने वाला यह प्रयास हमारी भावी पीढ़ी का बेहतरीन निर्माण करेगा।
इन्होंने संभाली व्यवस्थाएं
कार्यक्रम की शुरुआत में भारत विकास परिषद सीहोर के अध्यक्ष आर्य रितेश राठौर ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रख्यात टैक्स कंसल्टेंट शैलेंद्र श्रीवास्तव ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन आर्य समाज गंज सीहोर के प्रधान नरेश चंद्र आर्य द्वारा किया गया। विशेष अतिथि के रूप में मध्यभारतीय आर्य प्रतिनिधि सभा के मंत्री अतुल वर्मा भी उपस्थित रहे।
शहर के गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
इस भव्य समापन अवसर पर नगर के सैकड़ों नर-नारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। इनमें प्रमुख रूप से आर्य राजेंद्र राठौर, अंकुश जैन, राजीव गुप्ता, अतुल राठौर काका, महेंद्र कौशल, चंद्र प्रकाश परवाल, रवि ठकराल, नेहा ठकराल, नवीन सोनी, सुनीता सोनी, शोभा चांडक, श्वेता राठौर, अरविंद गुप्ता, सुरेश नेमा, पंकज मोदी, राजकुमार आर्य, डॉ. गगन नामदेव, डॉ. सत्येंद्र तोमर, दुर्गा वाहिनी से नीलू चौहान, अलका और आर्य वीर दल के जिला संचालक संदीप आर्य सहित दोनों संस्थाओं के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।



