
सीहोर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर सीहोर के गणेश मंदिर परिसर में मेले का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर बालागुरू के. ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर बालागुरू के. ने श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पुलिस प्रशासन को पार्किंग एवं बेहतर यातायात प्रबंधन के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका द्वारा कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम स्थल का निरंतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने गणेश मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडिसनल एसपी प्रशांत चौबे, एसडीएम तन्मय वर्मा एवं नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।