विजयादशमी पर्व हमें सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है: पंडित प्रदीप मिश्रा
बाल विहार मैदान में सतरंगी आतिशबाजी के बीच 71 फीट ऊंचे रावण का दहन

सीहोर। बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक विजयादशमी का पावन पर्व पूरे सीहोर शहर में अपार श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। छावनी दशहरा उत्सव समिति के तत्वावधान में बाल विहार मैदान पर आयोजित भव्य दशहरा उत्सव में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के पावन सानिध्य और आशीर्वाद के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में 71 फीट से अधिक ऊंचे रावण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। जैसे ही भगवान श्रीराम के अग्निबाण से पुतले धू-धू कर जले, पूरा मैदान जय श्रीराम के गगनभेदी जयघोष से गूंज उठा।
समिति के मीडिया प्रभारी प्रियांशु दीक्षित ने बताया कि वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार उत्सव की शुरुआत शहर के नमक चौराहा स्थित हनुमान मंदिर से हुई। यहां से भगवान श्रीराम की भव्य बारात निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई बाल विहार मैदान पहुंची। रास्तेभर श्रद्धालुओं ने राम बारात का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। रात करीब 8.30 बजे मुख्य मैदान पर रावण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। इस बार पुतलों की ऊंचाई बढ़ाई गई थी और आतिशबाजी का विशेष इंतजाम था। रावण दहन के साथ ही आसमान में हुई सतरंगी और कलात्मक आतिशबाजी ने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया। दहन के पश्चात भगवान श्रीराम का भव्य राजतिलक संपन्न हुआ।
परंपराओं को जीवंत रखते हैं ऐसे आयोजन
कार्यक्रम में उपस्थित कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने शहरवासियों को विजयादशमी की बधाई देते हुए कहा विजयादशमी हमें सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने छावनी दशहरा उत्सव समिति के मुख्य संरक्षक जसपाल सिंह अरोरा और उनकी पूरी टीम को इस भव्य आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसे आयोजन सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ समाज में सद्भाव व एकता का संदेश देते हैं। समिति के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने भी सभी को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए धर्म और सत्य की राह पर चलने का संदेश दिया।
आयोजन में मुख्य अतिथि व संरक्षक जसपाल सिंह अरोरा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, विशिष्ट अतिथि अमिता अरोरा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, आशीष गहलोत समिति अध्यक्ष, संतोष राठौर चल समारोह अध्यक्ष, विनित गोयल कार्यक्रम संयोजक, विशाल सेन कोषाध्यक्ष आदि मौजूद रहे।



