योग-ध्यान से हुई पुलिस के दिन की शुरुआत, लंबित मामलों की हुई समीक्षा
जिले भर के थानों में आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम, साइबर अपराध और ई-विवेचना पर भी दिया जोर

सीहोर। पुलिस महानिरीक्षक भोपाल देहात जोन रुचिवर्धन मिश्र के निर्देशन, डीआईजी भोपाल देहात रेंज राजेश सिंह चंदेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के नेतृत्व में रविवार को जिले के समस्त थानों, चौकियों और पुलिस कार्यालयों में श्हर रविवार-थाना परिवार अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल की शारीरिक व मानसिक कार्यक्षमता बढ़ाना, आपस में टीम भावना व अनुशासन को मजबूत करना और लंबित मामलों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करना है।
रविवार की गतिविधियों की शुरुआत थानों में हार्टफुलनेस टीम के मार्गदर्शन में योग, प्राणायाम, रिलेक्सेशन और सामूहिक ध्यान सत्र के साथ हुई। अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित योग-ध्यान के जरिए तनावमुक्त कार्यशैली अपनाने की सलाह दी गई। इस दौरान एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने थाना कोतवाली, सीएसपी डॉ. अभिनंदना शर्मा ने थाना मंडी, एसडीओपी बुधनी रवि शर्मा ने थाना बुधनी, एसडीओपी भेरूंदा रोशन जैन ने थाना भेरूंदा तथा एसडीओपी आष्टा दामोदर गुप्ता ने थाना आष्टा के स्टाफ के साथ योग व ध्यान गतिविधियों में हिस्सा लिया।
लंबित कार्यों पर सख्त निर्देश
योग सत्र के बाद पुलिस अधिकारियों ने थाना स्टाफ से सीधा संवाद कर अपराध, मर्ग, चालान और अन्य लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। इस दौरान महिला व बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया।
थाना व्यवस्थाओं का जायजा
समीक्षा बैठक के दौरान साइबर अपराधों में तय एसओपी के अनुसार अनिवार्य कार्रवाई और विवेचकों को टैबलेट व डिजिटल माध्यमों के इस्तेमाल का तकनीकी प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही थाना परिसरों में साफ सफाई, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और डायल-112 वाहनों के रखरखाव का जायजा लिया गया, ताकि आपातकालीन सेवाओं के लिए गाडिय़ां हमेशा तैयार रहें।



