कपिल के परिजन और समाज से किया वादा पुलिस ने निभाया, हत्याकांड के दोनों आरोपी गिरफ्तार,े कार भी बरामद
एसपी और एएसपी से मुलाकात के बाद पुलिस ने दिया था जल्द खुलासे का आश्वासन

सीहोर। थाना कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत हुई कपिल की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने अपना वादा निभाते हुए महज कुछ ही दिनों में बड़ा खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास की इस वारदात को अंजाम देने वाले दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
बता दें बीते दिनों कपिल की निर्मम हत्या के बाद उसके परिजनों और राठौर समाज के प्रमुख सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की कड़ी मांग की थी। उस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने परिजनों को पूरी निष्पक्षता और गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने का ठोस आश्वासन दिया था। पुलिस ने अपने इसी वादे को निभाते हुए तत्परता से काम किया और कुछ ही दिनों में आरोपियों को धर दबोचा।
क्या था पूरा मामला और कैसे हुआ खुलासा
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 05 अक्टूबर को मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के चश्मदीद गवाह मितेश राठौर और राजा राय ृतथा अन्य साक्षियों के बयानों के आधार पर पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। जांच में सामने आया कि पचामा में परमार ढाबे के सामने आरोपियों ने जान से मारने की नियत से कपिल की मोटरसाइकिल को पीछे से कार से टक्कर मार दी थी, जिससे कपिल की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसके साथ मौजूद चश्मदीद मितेश राठौर घायल हुए थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में दबोचे गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक गिरीश दुबे के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र का उपयोग करते हुए हत्या के दो मुख्य आरोपी ओमदीप परमार पिता बाबूलाल परमार उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम बमुलिया, थाना कोतवाली और दिनेश मेवाड़ा पिता पदम सिंह मेवाड़ा उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम थूना थाना कोतवाली को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिनेश मेवाड़ा की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मारुति कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है, जिससे आरोपियों ने कपिल की बाइक को टक्कर मारी थी। पुलिस के अनुसार प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों के बताए अनुसार उनके अन्य साथियों की तलाश भी तेजी से जारी है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
इस अंधे कत्ल का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश दुबे, उप निरीक्षक विक्रम आदर्श, उप निरीक्षक विवेक आर्य, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र परमार, आरक्षक हमीर सिंह, आरक्षक कृष्णकांत, आरक्षक जितेन्द्र चंद्रवंशी, आरक्षक कपिल मेवाड़ा, आरक्षक विवेकप्रताप सिंह, आरक्षक चेतन चौहान, आरक्षक राजकुमार और आरक्षक विष्णु की मुख्य भूमिका रही।



