Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

मातृभूमि की रक्षा में शहीदों का बलिदान अमर हैं, उनसे प्रेरणा लें: एसपी सक्सेना

रक्षित केंद्र में परेड का आयोजन, 154 अमर शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

सीहोर। देश में सुरक्षा, शांति और अखंडता बनाए रखने के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले अमर शहीद जवानों की स्मृति में बुधवार को रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) में पुलिस स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने शहीदों के अदम्य साहस को नमन करते हुए कहा कि मातृभूमि की रक्षा में जवानों द्वारा दिया गया सर्वोच्च बलिदान सदैव अमर रहेगा और उनका शौर्य हम सभी को कर्तव्य पथ पर समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के दौरान एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने विगत एक वर्ष (1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026) के दौरान देश भर में कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले राज्य पुलिस बलों, केंद्रीय पुलिस बल एवं अन्य पुलिस संगठनों के 154 अमर बलिदानियों के नामावलियों का वाचन किया। इनमें मध्यप्रदेश पुलिस के 09 वीर जवान भी शामिल हैं। नामावली वाचन के बाद उपस्थित अधिकारियों व जवानों ने मौन धारण कर शहीदों को नमन किया।
16 हजार फीट की ऊंचाई पर जवानों ने दिखाया था अदम्य साहस
अपने संबोधन में एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने पुलिस स्मृति दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज से 67 वर्ष पूर्व 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के दुर्गम क्षेत्र हॉट स्प्रिंग में 16 हजार फीट की ऊंचाई पर तैनात सीआरपीएफ की गश्ती टुकड़ी पर चीनी सेना ने घात लगाकर हमला कर दिया था। सीमित संसाधनों और प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद हमारे जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मन का डटकर मुकाबला किया और अंतिम सांस तक अपनी पोस्ट पर डटे रहे। इस भीषण संघर्ष में मातृभूमि की रक्षा करते हुए 10 शूरवीर जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे। उन्हीं अमर सेनानियों के बलिदान को अक्षुण्ण रखने के लिए हर साल 21 अक्टूबर को देश भर में यह दिवस मनाया जाता है।

शोक शस्त्र की कार्रवाई कर शहीदों को दी गई सलामी
स्मृति दिवस परेड का नेतृत्व सूबेदार अजय भिरे एवं परेड कमांडर गणेश सिंह डामोर ने किया। परेड में शामिल प्लाटूनों द्वारा शोक शस्त्र की औपचारिक कार्रवाई करते हुए अमर शहीदों को पूरे सैन्य सम्मान के साथ सलामी दी गई। इसके बाद बिगुल पर मातमी धुन बजाई गई, जिससे संपूर्ण परिसर देशभक्ति और श्रद्धा के वातावरण से सराबोर हो गया।

अधिकारियों ने अर्पित की पुष्पांजलि
समारोह के समापन पर शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। पुष्पांजलि अर्पित करने वालों में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार अग्रवाल, जिला कलेक्टर बालागुरु के., द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश महेश वर्मा, जिला रजिस्ट्रार अरविंद सिंह गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट नीलमड़ी, एसडीओपी प्रेमनारायण गोयल, डीएसपी प्रवीण चढ़ोकर एवं रक्षित निरीक्षक उपेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button