सीहोर की माटी में घुली नासिक के अंगूरों की मिठास, कलेक्टर ने सतपोन में देखा उन्नत बगीचा

सीहोर। कलेक्टर बालागुरू के. ने बुधवार को दोराहा क्षेत्र का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आगामी जनगणना की तैयारियों का जायजा लिया, निर्माणाधीन सरकारी भवन की प्रगति देखी और नवाचारी खेती कर रहे किसानों का उत्साहवर्धन किया।
दोराहा तहसील में चल रहे जनगणना 2027 के प्रशिक्षण शिविर में पहुंचकर कलेक्टर ने मास्टर ट्रेनर्स और प्रगणकों से संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि जनगणना का कार्य राष्ट्र निर्माण के लिए नींव का पत्थर है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर त्रुटि की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने दिए यह निर्देश
सटीकता जरूरी: उन्होंने कहा कि अधिकारी पूरी गंभीरता से प्रशिक्षण लें ताकि फील्ड में डेटा दर्ज करते समय कोई गलती न हो।
स्वगणना की अपील: कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की कि वे 16 से 30 अप्रैल तक स्वगणना पोर्टल पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करें।
सही जानकारी दें: नागरिकों का सहयोग ही शासन की योजनाओं को सही लाभार्थियों तक पहुंचाने में मदद करेगा।
जल्द शुरू होगा तहसील कार्यालय का संचालन
दौरे के अगले चरण में कलेक्टर ने दोराहा तहसील के निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि भवन का मुख्य ढांचा और सिविल कार्य लगभग पूरा हो चुका है, अब केवल फर्नीचर और फिनिशिंग का काम शेष है। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शेष कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा किया जाए ताकि जल्द से जल्द कार्यालय नए भवन में शिफ्ट हो सके और आम जनता को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिले।
सीहोर के खेतों में महक रहे नासिक के अंगूर
कलेक्टर बालागुरू के. ने कृषि क्षेत्र में नवाचार देख ग्राम सतपोन के किसान विजय सागर के अंगूर के बगीचों का भी मुआयना किया। किसान ने बताया कि उन्होंने अपनी 2 हेक्टेयर भूमि पर नासिक से लाई गई अंगूर की उन्नत किस्में जैसे सिराज, मस्कट, पी नोट और टेंपर निदो के लगभग 5 हजार पौधे लगाए हैं। कलेक्टर ने किसान द्वारा अपनाई गई आधुनिक तकनीक की सराहना करते हुए कहा कि अन्य किसानों को भी पारंपरिक फसलों के बजाय इस तरह की मुनाफे वाली उद्यानिकी फसलों की ओर रुख करना चाहिए।

Exit mobile version