महज 5 महीने में बदल गया सीहोर पुलिस का आला महकमा…

एसडीओपी पूजा शर्मा पहुंची रहली, श्योपुर से आए प्रेमनारायण गोयल

सीहोर। जिले के पुलिस विभाग में बीते पांच महीने बदलाव और फेरबदल के नाम रहे हैं। इस अवधि के भीतर जिले की पुलिस व्यवस्था का शीर्ष ढांचा पूरी तरह से बदल चुका है। एसपी, एएसपी और कोतवाली-मंडी टीआई के बाद अब एसडीओपी की कुर्सी पर भी नया चेहरा आ गया है। रविवार देर रात जारी प्रदेश स्तरीय तबादला सूची में सीहोर एसडीओपी पूजा शर्मा का स्थानांतरण रहली सागर कर दिया गया है। उनकी जगह श्योपुर से आए उप पुलिस अधीक्षक प्रेमनारायण गोयल सीहोर एसडीओपी की नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
बता दें फेरबदल की शुरुआत करीब 5 महीने पहले तत्कालीन एसपी दीपक कुमार शुक्ला के तबादले से हुई। उनके स्थान पर आईपीएस अधिकारी सोनाक्षी सक्सेना ने कमान संभाली। जिले के इतिहास में पहली बार किसी महिला आईपीएस अधिकारी ने सीहोर एसपी के पद पर जिम्मेदारी ली। एसपी के बदलने के बाद एएसपी सुनीता रावत का भी स्थानांतरण हुआ और विदिशा से आए डॉ. प्रशांत चौबे ने सीहोर एएसपी का पदभार ग्रहण किया।
मण्डी-रेहटी-कोतवाली-आष्टा थाने में भी बदलाव
इधर आला पदों के साथ ही थानों में भी बदलाव हुआ। सबसे पहलेे मंडी थाने में बदलाव हुआ, जिसके रेहटी और अब कोतवाली व आष्टा थाने में भी बदलाव किया गया। सात दिन पहले ही कोतवाली थाना प्रभारी रवीन्द्र यादव को आष्टा भेजा गया, जबकि गिरीश दुबे को दोबारा कोतवाली टीआई की कमान सौंपी गई।
अब एसडीओपी पद में बदलाव
बदलाव की इस श्रंखला में एसडीओपी पद भी आया। सीहोर में एसडीओपी पद की जिम्मेदारी संभाल रहीं पूजा शर्मा का तबादला रविवार की देर शाम सागर के रहली कर दिया गया है, जबकि उनके स्थान पर श्योपुर से प्रेमनारायण गोयल को सीहोर एसडीओपी नियुक्त किया गया है।
पूरी आला टीम नई
महज पांच महीनों के भीतर जिले के लगभग सभी मुख्य पुलिस पदों पर नए अफसरों की तैनाती हो चुकी है। इस प्रशासनिक सर्जरी के बाद अब पूरे महकमे में नए सिरे से कसावट देखने को मिल रही है।

Exit mobile version