रेहटी के बुजुर्ग को राहत दे गई पुलिस की पहली ही सीनियर सिटीजन पंचायत

सीहोर। जिले के बुजुर्गों को सम्मान, सुरक्षा और समय पर न्याय दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक बड़ी और संवेदनशील पहल की है। पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के मार्गदर्शन में सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत की शुरुआत की गई है। इस पहल का सबसे सुखद असर रेहटी क्षेत्र के एक पीडि़त बुजुर्ग पर देखने को मिला, जिन्हें पुलिस की पहली ही पंचायत में पारिवारिक विवाद से मुक्ति और राहत मिल गई।
पंचायत की पहली सुनवाई में रेहटी क्षेत्र के एक वरिष्ठ नागरिक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके परिवार में बेटे, बहू और घरेलू विवाद के चलते काफी मारपीट और प्रताडऩा का सामना करना पड़ रहा है। सुनवाई के दौरान पुलिस पंचायत ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर बात की। अधिकारियों और कोर कमेटी के सदस्यों ने आपसी विवाद से होने वाले नुकसान और कानूनी नतीजों के बारे में समझाते हुए काउंसलिंग की। समझाइश का सकारात्मक असर हुआ और दोनों पक्ष पुरानी बातें भूलकर एक-दूसरे को सम्मान देने तथा अभद्र भाषा का प्रयोग न करने पर सहमत हो गए। पंचायत के इस फैसले से रेहटी के बुजुर्ग ने संतोष पाया।
वरिष्ठ नागरिकों को मिलेंगे ये विशेष फायदे
जिले के 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्ग एक साधारण फॉर्म, फोटो और आयु प्रमाण पत्र देकर मुफ्त में पुलिस पंचायत का सदस्यता कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। परिचय पत्र के पीछे जिले के प्रमुख पुलिस अधिकारियों के नंबर दर्ज होंगे, ताकि संकट के समय बुजुर्ग तुरंत संपर्क कर सकें। पहचान पत्र धारकों को स्वास्थ्य सेवाओं में रियायत देने के लिए विभिन्न निजी अस्पतालों, पैथोलॉजी लैब और मेडिकल स्टोर्स के साथ एमओयू साइन किए जा रहे हैं।
हर बुधवार लगेगी सुनवाई
जिले के बुजुर्गों की शिकायतों के निराकरण के लिए प्रत्येक बुधवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे की उपस्थिति में पंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें कोर कमेटी के गणमान्य सदस्य मौजूद रहकर दोनों पक्षों की बात सुनेंगे और कोर्ट-कचहरी के चक्कर में पड़े बिना शांतिपूर्ण व न्यायसंगत समाधान कराएंगे।
अन्य मामलों का भी हुआ मौके पर निपटारा
– कुबेरेश्वर धाम की दुकान के 60 हजार रुपये बकाया किराए को लेकर फॉरेस्ट कॉलोनी निवासी 70 वर्षीय वृद्धा को मिल रही धमकी के मामले में आरोपी ने 30 हजार रुपये तुरंत लौटाए और शेष राशि आसान किश्तों में देने पर सहमति जताई।
– ग्रामीण क्षेत्र के 65 वर्षीय बुजुर्ग को बहू के परिजनों द्वारा दी जा रही धमकियों के मामले में दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने और अदालत के आदेशों का पालन करने की हिदायत देकर मामला शांत कराया गया।

Exit mobile version