इछावर में 7 लाख की चोरी का खुलासा, तीन चोर और जेवर खरीदने वाला सुनार गिरफ्तार

सीहोर। थाना इछावर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी का महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन शातिर चोरों सहित चोरी का माल खरीदने वाले सीहोर के एक सुनार को भी गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से शत प्रतिशत मशरूका यानी करीब 7 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर और नगदी बरामद कर ली गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी राजेश कुमार श्रीवास्तव निवासी खेड़ीपुरा इछावर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16 और 17 जून की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनके सूने घर को निशाना बनाया। चोरों ने घर में घुसकर अलमारी के ताले तोड़े और वहां रखे सोने के कीमती आभूषण व नगदी समेटकर फरार हो गए। फरियादी की शिकायत पर इछावर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कबी थी।
पुलिस कप्तान के निर्देशन में बनी विशेष टीम
चोरी की गंभीर घटना को देखते हुए सीहोर पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत के मार्गदर्शन और एसडीओपी भेरूंदा रोशन कुमार जैन के पर्यवेक्षण में इछावर थाना प्रभारी पंकज वाडेकर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी
थाना स्तर पर गठित इस टीम ने घटना स्थल का मुआयना कर तकनीकी साक्ष्य जुटाए और क्षेत्र में मुखबिरों का जाल बिछाया। जांच के दौरान पुलिस को कुछ संदिग्धों के बारे में पुख्ता जानकारी मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर संदेहियों को हिरासत में लिया और जब उनसे बारीकी से पूछताछ की तो उन्होंने खेड़ीपुरा में चोरी की उक्त वारदात को अंजाम देना कुबूल कर लिया। चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने सीहोर के सराफा बाजार से उस सुनार को भी दबोच लिया, जिसे चोरी के जेवर बेचे गए थे। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में धीरज उर्फ धीरू वर्मा उम्र 23 साल निवासी खेड़ीपुरा इछावर, सूरज वर्मा उम्र 25 साल निवासी ग्राम खैरी थाना इछावर, धर्मेन्द्र उर्फ सेंटू वर्मा उम्र 33 साल निवासी खेड़ीपुरा इछावर और माधोशरण सोनी उम्र 51 साल निवासी सराफा बाजार सीहोर (चोरी का माल खरीदने वाला सुनार) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी गए सोने के समस्त जेवरात और 15 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। जब्त किए गए कुल मशरूके की कीमत लगभग 07 लाख रुपये आंकी गई है।



