नसरुल्लागंज बस स्टैंड से बाइक चुराने वाला चोर गिरफ्तार, कन्नौद का रहने वाला है आरोपी

सीहोर। भैरूंदा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बस स्टैंड प्रतीक्षालय के पास से बाइक चुराने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की गई महंगी बाइक बरामद कर ली है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला 17 अगस्त का है, जब फरियादी अमर पिता दीपक सिंह ने भैरूंदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया था कि बस स्टैंड प्रतीक्षालय नसरुल्लागंज के पास खड़ी उसकी हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल कीमत लगभग 1,57000 को कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से बेनकाब हुआ चोर
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीहोर पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन और एसडीओपी रोशन कुमार जैन के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम सिंह दांगी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों, सीसीटीवी फुटेज और तकनिकी साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल की। इसके आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
देवास जिले का रहने वाला है आरोपी
पुलिस हिरासत में आए आरोपी की पहचान रामविलास साहू उर्फ कल्लू पिता मदनलाल साहू निवासी वार्ड नंबर 3 मेवाती मोहल्ला गल्ला मंडी के सामने कन्नौद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।



