Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

चोरों का तांडव, एक ही रात दो दुकानों में चोरी, लोहे की रॉड लेकर घूमता दिखा संदिग्ध

सीहोर। रेहटी मेें बेखौफ चोरों ने एक ही रात में चोरी की दो घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस की रात्रि गश्त को चुनौती दी है। बस स्टैंड स्थित दुकानों को निशाना बनाने के साथ ही एक संदिग्ध का लोहे की रॉड लेकर घूमने का वीडियो भी सामने आया है।
पहली घटना रेहटी स्टैंड स्थित एक दुकान की है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में एक नकाबपोश संदिग्ध दुकान का ताला तोडक़र अंदर दाखिल होता साफ दिखाई दे रहा है। हैरत की बात यह है कि चोर एक ही रात में दुकान के अंदर तीन बार घुसा। आरोपी ने दुकान के गल्ले में रखी चिल्लर और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब दुकानदार को घटना की भनक लगी तो उसने पुलिस को सूचना दी।
सलकनपुर चौकी के सामने दूसरी दुकान को बनाया निशाना
पहली वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ संदिग्ध सलकनपुर पुलिस चौकी के ठीक सामने स्थित एक दूसरी दुकान में जा घुसा। यहां भी उसने चोरी का प्रयास किया। राहत की बात यह रही कि इस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध का चेहरा स्पष्ट रूप से कैद हो गया है। चौकी के इतने करीब चोरी की वारदात होने से पुलिस की निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हाथ में रॉड लेकर घूमता दिखा संदिग्ध
चोरी की इन घटनाओं के बीच रेहटी की मंडलोई कॉलोनी से आए एक अन्य सीसीटीवी फुटेज ने लोगों की रात की नींद उड़ा दी है। फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति हाथ में लोहे की रॉड लहराते हुए गलियों में घूमता और एक मकान की तरफ बढ़ता दिखाई दे रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस व्यक्ति का चोरी की वारदातों से सीधा संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही साफ हो सकेगा।
रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग
सलकनपुर चौकी और रेहटी स्टैंड जैसे प्रमुख स्थानों के आसपास हुई इन घटनाओं से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर काफी चिंता है। नागरिकों का कहना है कि कस्बे में पुलिस की रात्रि गश्त नाममात्र की रह गई है। व्यापारियों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की जल्द पहचान कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है। साथ ही कस्बे में रात के समय गश्त बढ़ाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button