Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

बुधनी के लिए कल बड़ा दिन, आएंगे भाजपा-कांग्रेस के दिग्गज

सीहोर। विधानसभा चुनाव के बाद यह पहला मौका होगा जब बुदनी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता एक साथ एक मंच पर नजर आएंगे। अवसर है कांग्रेस नेता और हनुमान फेम विक्रम मस्ताल शर्मा द्वारा आयोजित मां नर्मदा का विशाल भंडारा। 22 मार्च को उनके निज निवास सलकनपुर-इटारसी में आयोजित इस कार्यक्रम में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और पूर्व सांसद नकुलनाथ सहित प्रदेश भर के बड़े जनप्रतिनिधि शामिल होने पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी कल यानि 22 मार्च को बुधनी के दौरे पर हैं।
बता दें मां नर्मदा के अनन्य भक्त विक्रम मस्ताल शर्मा ने हाल ही में 90 दिनों की रिकॉर्ड नर्मदा पैदल परिक्रमा पूरी की है। इसी उपलक्ष्य में रविवार 22 मार्च को सुबह 10 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। इस धार्मिक आयोजन के बहाने बुदनी में कांग्रेस की बड़ी राजनीतिक हलचल भी देखने को मिलेगी।
पहली बार एक साथ उतरेंगे दो हेलीकॉप्टर
बुदनी विधानसभा के इतिहास में संभवत: यह पहला मौका होगा जब किसी निजी कार्यक्रम में दो हेलीकॉप्टर एक साथ उतरेंगे। विक्रम मस्ताल के निज निवास पर दो हेलीपैड तैयार किए गए हैं, जबकि तीसरे की अनुमति ली जा रही है। एक हेलीकॉप्टर से पूर्व सांसद नकुलनाथ पहुंचेंगे, वहीं दूसरे में प्रदेश के अन्य शीर्ष नेता शामिल होंगे। आयोजन की भव्यता को देखते हुए एसडीएम और एसडीओपी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।
कार्यक्रम में पीसीसी चीफ और नेता प्रतिपक्ष के अलावा पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, लखन घनघोरिया, प्रियव्रत सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, शोभा ओझा और एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे सहित दर्जनों विधायक और पूर्व विधायक शामिल होंगे। बड़ी संख्या में साधु संतों और प्रबुद्धजनों के आगमन की भी तैयारी की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button