Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

इंदौर-भोपाल हाईवे पर सफर होगा और आसान, महिलाओं के लिए शुरू हुई यह खास सुविधा

सीहोर। इंदौर-भोपाल हाईवे पर सफर करने वाली महिला यात्रियों के लिए राहत भरी और खास सुविधा शुरू की गई है। देवास-भोपाल कॉरिडोर प्राइवेट लिमिटेड के इवर्टिस फाउंडेशन की सीएसआर प्रबंधन टीम ने हाईवे पर महिलाओं की गरिमा, सम्मान और सुरक्षित यात्रा को ध्यान में रखते हुए एक अनूठी पहल की है।
अब इंदौर-भोपाल हाईवे से गुजरने वाली महिलाओं को आपातकालीन स्थिति में परेशान नहीं होना पड़ेगा। हाईवे पर स्थित फंदा, अमलाहा एवं भोरासा टोल प्लाजा के सार्वजनिक महिला शौचालयों में आधुनिक सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन की सुविधा शुरू कर दी गई है। यात्रा के दौरान आवश्यकता पडऩे पर महिलाएं इन मशीनों में मात्र 1 रुपये का सिक्का डालकर आसानी से सेनेटरी पैड प्राप्त कर सकेंगी।

हाईवे पर सफर के दौरान असहजता से मिलेगी मुक्ति
इस खास सुविधा की शुरुआत के अवसर पर सीएसआर प्रबंधन टीम ने बताया कि इंदौर-भोपाल हाईवे एक बेहद व्यस्त मार्ग है। यात्रा के दौरान कई बार प्राकृतिक कारणों (मासिक धर्म) से महिला यात्रियों को अचानक असहज परिस्थितियों और मानसिक शर्मिंदगी का सामना करना पड़ता था। हाईवे पर अचानक ऐसी स्थिति बनने से उन्हें पैड ढूंढने में काफी दिक्कत आती थी। इसी विषय को गंभीरता से लेते हुए तीनों टोल प्लाजा पर यह खास इंतजाम किया गया है, ताकि इंदौर-भोपाल हाईवे पर सफर करने वाली हर महिला पूरे सम्मान, सुरक्षा और आत्मविश्वास के साथ अपनी यात्रा जारी रख सके।
सामाजिक दायित्व की दिशा में बड़ा कदम
हाईवे पर शुरू हुई यह जनहितकारी पहल डीजीएम परियोजना अजय मिश्रा के मार्गदर्शन तथा समाजसेवी संजु मालवीय महिला मंडल की गरिमामयी उपस्थिति में प्रारंभ की गई। इस अवसर पर संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि महिला यात्रियों की गरिमा और स्वास्थ्य की रक्षा करना एक बड़ा सामाजिक दायित्व है। इंदौर-भोपाल कॉरिडोर पर इस तरह की बुनियादी और जरूरी सुविधाएं मिलने से महिला यात्रियों का सफर काफी सुगम और तनावमुक्त होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button