वन विभाग की कार्रवाई से कोसमी में बेघर हुए आदिवासी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विधायक भार्गव व निगम अध्यक्ष रवि मालवीय पहुंचे, कांग्रेस ने साधा निशाना

सीहोर। बुधनी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोसमी में वन विभाग और वन विकास निगम की संयुक्त कार्रवाई के बाद आदिवासी परिवारों के सामने गहरा संकट खड़ा हो गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र में आने वाले इस गांव में आदिवासियों के आशियानों पर बुलडोजर चला दिया गया है, वहीं उनकी खेतों में खड़ी मक्का की फसल को भी नष्ट कर दिया गया है। केंद्रीय मंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद यह कार्रवाई जारी रहने से प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हडक़ंप मच गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय विधायक रमाकांत भार्गव और विकास निगम अध्यक्ष रवि मालवीय तुरंत स्थिति का जायजा लेने ग्राम कोसमी पहुंचे। उन्होंने पीडि़त आदिवासी परिवारों से मुलाकात की और पूरी स्थिति की जानकारी ली। उधर यह गांव केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के संसदीय क्षेत्र विदिशा और उनके पूर्व विधानसभा क्षेत्र बुधनी के अंतर्गत आता है। प्रशासनिक अमले की इस कार्रवाई के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के भी स्वयं कोसमी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मिलने की संभावना जताई जा रही है।
क्या है पूरा मामला
ग्राम कोसमी में बरेला समुदाय के आदिवासी परिवार कई वर्षों से निवास कर रहे हैं। रविवार को वन विकास निगम और वन विभाग की टीम भारी पुलिस बल एवं अमले के साथ गांव पहुंची। टीम ने बिना उचित समय दिए कई कच्चे और पक्के मकानों को गिराना शुरू कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से दर्जनों परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं। इसके साथ ही आदिवासियों की मेहनत और रोजी-रोटी का मुख्य सहारा बनी मक्का की फसल को भी नष्ट कर दिया गया, जिससे इन निर्धन परिवारों के सामने भोजन और आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
शिवराज सिंह चौहान के निर्देश भी रहे बेअसर
घटनाक्रम को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर केंद्रीय मंत्री के निर्देशों की अनदेखी कैसे हुई। बताया जा रहा है कार्रवाई नहीं करने को लेकर पहले ही केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिला प्रशासन और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए थे। उन्होंने स्पष्ट तौर पर निर्देश दिए थे कि आदिवासियों के घर न तोड़े जाएं और उन्हें बेघर न किया जाए। बावजूद इसके मैदानी स्तर पर वन विकास निगम द्वारा कार्रवाई की गई।
मोहन सरकार में आदिवासियों पर अत्याचार की आदत
इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बुधनी विधानसभा क्षेत्र के कोसमी में आदिवासियों के घरों और फसलों को उजाड़े जाने की घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने सरकार पर तीखा निशाना साधते हुए कहा आदिवासियों पर अत्याचार करना मोहन सरकार की आदत बन चुकी है। यह अत्यंत शर्मनाक है कि पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह क्षेत्र में ही गरीब आदिवासियों को इस तरह बेदखल किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।



