
बुधनी/लुधियाना। देशव्यापी हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत ट्राइडेंट ग्रुप ने हर उस स्थान पर, जहां कंपनी की विनिर्माण इकाइयाँ स्थापित हैं, भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन कर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं जनभागीदारी की भावना को सशक्त किया। मध्यप्रदेश के बुधनी में ट्राइडेंट ग्रुप ने बुधनी नगर परिषद, स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं शैक्षणिक संस्थानों तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग से एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया, जिसमें 7 हजार से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह यात्रा आरओबी, बुधनी से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए दशहरा मैदान में संपन्न हुई। पूरे आयोजन ने राष्ट्रीय गौरव, एकता और सामूहिक सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। बुधनी के अलावा पंजाब स्थित ट्राइडेंट ग्रुप की इकाइयों में भी तिरंगा यात्राओं को लेकर व्यापक उत्साह देखने को मिला। पंजाब की संगरूर और धौला इकाइयों के कर्मचारियों ने भी बड़ी संख्या में भाग लेकर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। बरनाला में एक हजार से अधिक कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने मोटरसाइकिल रैली में भाग लेते हुए राष्ट्रीय ध्वज के साथ देशभक्ति का प्रदर्शन किया तथा एकता, अखंडता एवं राष्ट्र निर्माण के मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।