आंवलीघाट में दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव 28 से

सीहोर। नर्मदा तट स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री गुरुदेव दत्तकुटी उत्तर तट आंवलीघाट में इस वर्ष गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। परम पूज्य श्री गुरु महाराज श्री श्री 108 श्री महंत देवेंद्र गिरी जी महाराज गांधीधाम, कच्छ गुजरात के पावन सानिध्य में दो दिवसीय भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। आश्रम से जुड़े संतों और आयोजकों ने जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से इस अवसर पर उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
दो दिन गूंजेगी श्री रामचरितमानस की चौपाइयां
जानकारी के अनुसार गुरु पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार 28 जुलाई को अखंड श्री रामचरितमानस परायण पाठ के साथ होगा। पहले दिन मानस पाठ का शुभारंभ होगा, जिसमें संगीतमय भजनों और चौपाइयों से पूरा नर्मदा तट भक्तिमय माहौल में सराबोर रहेगा। जबकि दूसरे दिन 29 29 जुलाई को मानस पाठ के समापन के उपरांत मुख्य गुरु पूर्णिमा उत्सव मनाया जाएगा। इस दिन सुबह से ही गुरु पूजन, पादुका पूजन और महाआरती के विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।
कन्या भोजन, प्रसादी दोपहर 12 बजे से
महोत्सव के दूसरे दिन यानी 29 जुलाई बुधवार को दोपहर 12 बजे से कन्या भोजन, महाभंडारा और विशाल प्रसादी वितरण का आयोजन किया जाएगा। इसमें नर्मदा परिक्रमावासियों, साधु-संतों और श्रद्धालुओं को महाप्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजन के लिए महंत स्वामी जमनागिरि महाराज गुरुदेव दत्तकुटी तीर्थ क्षेत्र आंवलीघाट द्वारा सभी श्रद्धालुओं से आयोजन में शामिल होकर धर्मलाभ उठाने की अपील की है।

Exit mobile version