नशे की हालत में भिड़े दो गुट, एक के सिर पर मारी बियर की बोतल, दूसरे का पत्थर से फोड़ा माथा

सीहोर। भैरुंदा नगर की देशी शराब दुकान उस समय रणभूमि में बदल गई, जब पुरानी रंजिश को लेकर चार युवकों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। शराब के नशे में शुरू हुई मामूली कहासुनी ने कुछ ही देर में इतना हिंसक रूप ले लिया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की जान लेने की कोशिश की। इस हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से एक की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार विवाद के दौरान गुस्सा इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के युवक ने अंकेश के सिर पर बियर की खाली बोतल दे मारी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। इसके जवाब में दूसरे पक्ष ने हमलावर रुख अपनाते हुए रोहित के माथे पर एक बड़ा पत्थर उठाकर दे मारा, जिससे रोहित के सिर में गंभीर चोट आई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। इस खून-खराबे से शराब दुकान के पास अफरा तफरी मच गई।
भोपाल एम्स रेफर किया गया घायल
घटना की सूचना मिलते ही भैरूंदा थाना प्रभारी घनश्याम दांगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत दोनों घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि रोहित की हालत अधिक नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है। अंकेश का भी इलाज जारी है।
इनके बीच हुआ विवाद
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस संघर्ष में नितेश, संतोष, रोहित और अंकेश शामिल थे। इनमें से रोहित और अंकेश को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है, जो शराब के नशे में दोबारा भडक़ उठी।
दोनों पक्षों पर मामला दर्ज
थाना प्रभारी घनश्याम दांगी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है। घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर शांति भंग करने और हिंसक हमला करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



