30-30 मुकदमों वाले दो अंतरराज्यीय शातिर अपराधी गिरफ्तार

सीहोर। कोतवाली थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाने वाले दो बेहद शातिर और अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने करीब 3 लाख 36 हजार रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात और चोरी का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। हैरान करने वाली बात यह है कि पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों में 30-30 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती 14 अप्रैल को फरियादिया अनीता वर्मा ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि कोई अज्ञात चोर उनके सूने आवास का ताला तोडक़र घर के अंदर रखे सोने-चांदी के जेवर और नगदी समेटकर रफूचकर हो गया है। महिला की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
एसपी के निर्देशन में बनी विशेष टीम
चोरी की गंभीर वारदात को देखते हुए सीहोर पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत एवं नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी रविन्द्र यादव के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया।
बदमाशों से बरामद हुआ लाखों का माल
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने शत प्रतिशत माल बरामद करने में सफलता पाई है। जप्त किए गए सामान में शामिल हैं, जिसमें लगभग 19 ग्राम वजन के सोने के जेवर जिसमें एक सोने की चेन, मंगलसूत्र का पेंडेंट, दो जोड़ी कान के टॉप्स और एक सोने की लौंग शामिल है, जिसकी कीमत करीब 2,70000 रुपये बताई जा रही है। इसी तरह 26 हजार रुपए कीमत के 110 ग्राम वजन के 4 नग चांदी के सिक्के दृ कीमत करीब 26000 रुपये। चोरी गया एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन कीमत करीब 30 हजार रुपये शामिल हैं।
शातिर हैं पकड़े गए दोनों आरोपी
पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपी बेहद शातिर और आदतन अपराधी हैं, जो लगातार अपने ठिकाने बदलते रहते थे, आरोपी अन्नू उर्फ अनिकेत मालवीय उर्फ अंकित उम्र 24 साल निवासी रंगियापुरा विदिशा, वर्तमान निवासी सेमरा कला पुरुषोत्तम नगर भोपाल में किराए का मकान। गोलू उर्फ उमेश अहिरवार उम्र 25 सालद्ध निवासी करैयाखेड़ा रोड, आचार्य कॉलोनी विदिशा वर्तमान निवासी पैराडाइज कॉलोनी पीथमपुर जिला धार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इन दोनों अपराधियों के खिलाफ मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के थानों में 30-30 अपराध पहले से ही दर्ज हैं। यह दोनों अंतरराज्यीय स्तर पर नकबजनी मकान के ताले तोडक़र चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं।



