Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

जिले में पीडीएस राशन वितरण में धांधली पर हडक़ंप, बुधनी की 4 दुकानों पर प्रकरण दर्ज, इछावर में फिंगरप्रिंट लेकर राशन डकारने का आरोप

सीहोर। जिले में गरीबों के हक के खाद्यान्न वितरण में भारी धांधली और अनियमितताओं के मामले गरमाने लगे हैं। एक तरफ जहां बुधनी विकासखंड में जांच के बाद चार शासकीय उचित मूल्य दुकानों पर मामला दर्ज कर समिति प्रबंधकों व विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस थमा दिए गए हैं, वहीं दूसरी तरफ इछावर तहसील के ग्राम झरखेड़ा के ग्रामीणों ने बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवाकर राशन डकारने का गंभीर आरोप लगाते हुए एसडीएम से शिकायत की है।
बुधनी एसडीएम संजीव नागू के निर्देश पर सहायक आपूर्ति अधिकारी पिंकी शाक्य ने ग्राम पंचायत खैरी सिलगेना, नांनमेट, रतनपुर, खिडिय़ाकुर्मी और चिकल्ली की राशन दुकानों का औचक निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि दुकानें समय पर नहीं खुलतीं और पीओएस मशीन में फिंगरप्रिंट लेने के बावजूद हितग्राहियों को राशन नहीं दिया जाता। इसके अलावा रजिस्टर्ड रिकॉर्ड और भौतिक स्टॉक में भी भारी अंतर पाया गया।
इस लापरवाही पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए दुकानों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर संबंधित सेवा सहकारी समिति प्रबंधकों, स्व. सहायता समूह अध्यक्षों और विक्रेताओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के उल्लंघन पर कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

इछावर के झरखेड़ा में भडक़े ग्रामीण
इछावर तहसील के ग्राम झरखेड़ा के दर्जनों ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट व एसडीएम कार्यालय पहुंचकर विंध्याचल स्व. सहायता समूह ललियाखेड़ी द्वारा संचालित उचित मूल्य दुकान के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का आरोप है कि संचालक घर-घर जाकर अनपढ़ और गरीब उपभोक्ताओं से बायोमेट्रिक मशीन पर अंगूठा लगवा लेते हैं, जिससे ऑनलाइन राशन इश्यू तो हो जाता है, लेकिन पिछले 6 महीनों से अनाज नहीं दिया जा रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि झरखेड़ा में महीने में कम से कम एक दिन दुकान खोलकर वितरण कराया जाए या फिर उन्हें आर्या उचित मूल्य दुकान से संबद्ध किया जाए, ताकि गरीबों को रोजी-रोटी का संकट न झेलना पड़े।
प्रशासन की चेतावनी
बुधनी एसडीएम संजीव नागू ने स्पष्ट कहा है कि शासकीय राशन वितरण में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। यदि जांच में अनियमितता पाई जाती है तो लाइसेंस निरस्तीकरण और दोषियों पर सीधे एफआईआर दर्ज कराने जैसी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button