
रेहटी। परिवार में ढाई एकड़ जमीन को लेकर चल रहा विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान परिवार के ही दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। कई महिलाएं भी घायल हैं। इस मामले में रेहटी थाने में दोनों पक्षों की तरफ से मामला दर्ज कराया गया है।
जानकारी के अनुसार रेहटी थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे एवं धारदार हथियार चलने से महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल सात लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम रेफर किया गया है।
किराए का ट्रैक्टर लेकर बखरने गए, तभी हुआ हमला –
फरियादी मनोहर यादव पिता स्व. रामविलास यादव उम्र 35 साल निवासी बरखेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका जमीन को लेकर भीम सिंह यदुवंशी, अर्जुन सिंह यदुवंशी के साथ पिछले एक वर्ष से विवाद चल रहा है। गत दिवस वे स्वयं, भतीजा दुर्गेश यदुवंशी, मां भगवती बाई किराए का ट्रैक्टर लेकर खेत बखरने गए थे। इसी दौरान भीम सिंह यदुवंशी, अर्जुन सिंह यदुवंशी और अभिषेक यदुवंशी ट्रैक्टर के आगे आकर खड़े हो गए। साथ ही गंदी-गंदी गालियां देकर खेत बखरने का मना करने लगे। जब उनसे गाली नहीं बकने का मना किया तो वे लोग लाठी-डंडे लेकर आए तो हमसे मारपीट करने लगे। इसी दौरान मेरा भाई संतोष उसकी पत्नी, मेरी भाभी बीच बचाव करने आए तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इसमें मेरी मां, भाई, उसकी धर्मपत्नी, भाभी और भतीजे सहित मुझे भी गंभीर चोट आई है। मेरा सर भी फट गया है। भीम सिंह, अर्जुन सिंह, अभिषेक, धनराज, हेमराज यदुवंशी ने जान से मारने की भी धमकी दी है। फरियादी ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विवादित भूमि पर जुताई की, रोका तो हमला कर दिया –
रवीना यदुवंशी उम्र 22 निवासी ग्राम बरखेड़ा ने थाना रेहटी में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि पिछले वर्ष राजस्व विभाग द्वारा कराई गई नपती में करीब 2.5 एकड़ भूमि उनके परिवार के पक्ष में निकली थी। इसी भूमि का कब्जा 30 अप्रैल 2026 को राजस्व विभाग द्वारा उन्हें दिलाया गया था, तभी से उक्त जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चला आ रहा था। फरियादिया के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने परिजनों के साथ खेत पर कार्य कर रही थी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग ट्रैक्टर लेकर पहुंचे और विवादित भूमि पर जुताई करने लगे। विरोध करने पर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। रिपोर्ट में आरोप है कि मनोहर सिंह, रामकृष्ण, संतोष, दुर्गेश, शर्मीला सहित अन्य लोगों ने कुल्हाड़ी, दातरा और डंडों से हमला कर भीम सिंह, अर्जुन सिंह, अभिषेक, कामराज, गोविंद, भोलाराम, धनराज और हेमराज के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची रवीना के साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई, जिससे उसे भी चोटें आईं। घटना में कई लोगों के सिर, हाथ, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को पहले शासकीय अस्पताल रेहटी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर भीम सिंह, अर्जुन सिंह, अभिषेक, कामराज, गोविंद, भोलाराम और धनराज को जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम रेफर किया गया। फरियादिया ने आरोप लगाया है कि घटना के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट के दौरान कुछ मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस ने फरियादिया की शिकायत पर थाना रेहटी में अपराध क्रमांक 332/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ये है मामला –
एक वर्ष पहले जमीन का सीमांकन हुआ। नपती में डिजिटल नक्शे के अनुसार ढाई एकड़ जमीन भीम सिंह, अर्जुन सिंह यदुवंशी की तरफ निकली। हालांकि पुराने नक्शे में जमीन मनोहर यादव पिता रामविलास यादव के पास ही है। इसके बाद मनोहर यादव ने भी सीमांकन करने की बात कही। इस दौरान एक पक्ष ने तहसील में धारा 250 का केस लगा दिया। मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। इस मामले में पहले भी कई बार आपसी विवाद हुए तो थाने में भी शिकायत की गई। अब यही लड़ाई खूनी संघर्ष में बदल गई।
इनका कहना है
ग्राम बरखेड़ा में जमीन विवाद का मामला सामने आया है। दोनों पक्षों की तरफ से एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच कर रहे हैं। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
– राजेश कहारे, थाना प्रभारी, रेहटी