
सीहोर। जिले में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भेरूंदा पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने अतरालिया मंडी जोड़ से चोरी हुई एक मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने एक 19 वर्षीय शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो चोरी की गाड़ी को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी राहुल पंवार निवासी सर्वरा कॉलोनी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि बीते 23 अप्रैल की रात को अतरालिया मंडी जोड़ से कोई अज्ञात चोर उनकी हीरो होंडा मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया है। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब गाड़ी का कहीं पता नहीं चला तो पीडि़त ने भेरूंदा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मुखबिर तंत्र से खुला राज
चोरी की इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी भैरुंदा के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सबसे पहले घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिससे संदेही की पहचान करने में मदद मिली। इसके बाद फरियादी और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही अभिषेक मीणा पिता भगवत सिंह मीणा निवासी ग्राम बिजला को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।
कॉम्प्लेक्स के पीछे छिपाई थी गाड़ी
जब पुलिस ने हिरासत में लिए गए आरोपी अभिषेक मीणा से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद उसे सर्वमंगलम गार्डन के सामने बने कॉम्प्लेक्स परिसर के पीछे छिपाकर रख दिया था और वह इसे बेचने के लिए ग्राहक ढूंढ रहा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर छिपाई गई मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। बरामद की गई इस मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।