समाजसेवी सतीश राठौर के निधन पर शोक की लहर, सांसद आलोक शर्मा सहित गणमान्य लोगों ने दी अंतिम विदाई

सीहोर। राठौर क्षत्रिय समाज के पूर्व अध्यक्ष, हिन्दू उत्सव समिति के पूर्व अध्यक्ष और अखिल भारतीय राठौर क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतीश राठौर के निधन से पूरे शहर और समाज में गहरा शोक व्याप्त है। उनके निधन पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और गणमान्य नागरिकों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। उनकी अंतिम यात्रा में सांसद आलोक शर्मा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा सहित तमाम दिग्गज शामिल हुए, जिन्होंने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
सतीश राठौर के आकस्मिक निधन के बाद शहर में श्रद्धांजलि सभाओं का दौर जारी है। इसी कड़ी में यादव समाज की ओर से घनश्याम यादव के नेतृत्व में एक विशेष शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान समाज के सभी सदस्यों ने उनके सामाजिक योगदान और सेवाभावी व्यक्तित्व को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस सेवादल के प्रदेश पदाधिकारी एवं पूर्व पार्षद नरेन्द्र खंगराले द्वारा भी शोकसभा का आयोजन कर दिवंगत आत्मा को विनम्र श्रद्धांजलि दी गई। सभा में उपस्थित सभी लोगों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस असीम दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
राजनीतिक और सामाजिक जगत ने दी श्रद्धांजलि
सतीष राठौर के निधन पर शोक व्यक्त करने और उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए शहर के तमाम प्रमुख चेहरे पहुंचे। इनमें मुख्य रूप से सांसद आलोक शर्मा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष व समाजसेवी राकेश राय, मप्र कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महामंत्री धर्मेन्द्र ठाकुर, डॉ. अनीस खान, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती, शहर कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम यादव, प्रतिपक्ष नेता विवेक राठौर, रविन्द्र कुमार बांगरे, केजी बैरागी, सुनील धाड़ी, सीताराम भारती, रमेश राठौर आर्य, सुनील दुबे, मुकेश ठाकुर, अनीस कुरैशी, दीपक सोनकर, राजकुमार तुलसी राठौर, भगत सिंह तोमर सहित बड़ी संख्या में शहरवासी और समाजजन उपस्थित रहे।
प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखते थे सतीश दादा
बता दें दिवंगत सतीश राठौर सीहोर शहर के प्रतिष्ठित और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार से आते थे। वे वरिष्ठ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं सीहोर के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष स्व. बेनी प्रसाद राठौर के ज्येष्ठ पुत्र थे। वे रुद्र प्रकाश राठौर के बड़े भाई, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर के बड़े पापा तथा विवेक राठौर एवं शिवम राठौर के पिता थे।



