Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

जिले में 16 मार्च से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी, कलेक्टर ने दिए पुख्ता इंतजामों के निर्देश

जिले के 92 हजार से अधिक किसानों ने कराया रजिस्ट्रेशन, श्यामपुर तहसील 19,978 किसानों के साथ सबसे आगे

सीहोर। जिले में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन का कार्य आगामी 16 मार्च से प्रारंभ होने जा रहा है। उपार्जन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए मंगलवार को कलेक्टर बालागुरू के. ने जिला उपार्जन समिति की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों पर आने वाले किसी भी किसान को असुविधा नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी उपार्जन केंद्रों पर बारदाना, तौल कांटे, नमी मापक यंत्र, साफ सफाई, शुद्ध पेयजल और किसानों के बैठने के लिए छायादार व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही तकनीक में रुकावट न आए, इसके लिए पर्याप्त बिजली बैकअप, इंटरनेट कनेक्टिविटी और कंप्यूटर ऑपरेटरों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं।
स्लॉट बुकिंग से होगी व्यवस्थित खरीदी
भीड़भाड़ से बचने के लिए इस बार भी स्लॉट बुकिंग को प्राथमिकता दी जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को उनकी बुकिंग के आधार पर निर्धारित दिन और समय पर ही बुलाया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि गुणवत्ता के मानकों का पालन करते हुए ही गेहूं स्वीकार किया जाए और परिवहन व भंडारण में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पंजीयन में भारी उछाल, 92 हजार के पार पहुंचा आंकड़ा
इस वर्ष जिले के किसानों ने गेहूं बेचने के लिए भारी उत्साह दिखाया है। आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष 92 हजार 889 किसानों ने पंजीयन कराया है, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 88 हजार 292 था। कुल पंजीकृत रकबा 2 लाख 20 हजार 461 हेक्टेयर है। इस बार पंजीयन के मामले में श्यामपुर अव्वल है, जहां जिले में सबसे ज्यादा 19 हजार 978 किसानों ने पंजीयन कराया है। अन्य तहसीलें सीहोर में 15 हजार 973, भैरूंदा में 15 हजार 438 और आष्टा में 13 हजार 676 किसानों ने पंजीयन कराया है।
लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, कृषि, सहकारिता, वेयर हाउस और विपणन संघ के अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर ने चेतावनी दी कि यदि उपार्जन केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता या किसानों की शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button