आफत’ की गेहूं खरीदी, केंद्रों पर बारदानें, बैंकों में केस की किल्लत

किसानों का विरोध, कांग्रेस का प्रदर्शन और सरकार का वादा भी कम नहीं कर पा रहा अन्नदाताओं का संकट

सीहोर। प्रदेशभर सहित सीहोर जिलेभर में चल रही समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी बेहद खस्ताहाल स्थिति में है। नागरिक आपूर्ति निगम बेहद आफत में यह खरीदी करवा रहा है। यही कारण है कि अन्नदाताओं का संकट दूर नहीं हो पा रहा है। एक तरफ खरीदी केंद्रों पर बारदानों की पूर्ति नहीं हो पा रही है तो किसानों के लिए पर्याप्त इंतजाम भी नहीं हैं। दूसरी ओर बैंकों में भी केस का संकट है। ऐसे में किसानों को दिनभर इंतजार करने के बाद भी घर खाली हाथ ही लौटना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा बुरी स्थिति सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा में हैं। बुधनी विधानसभा में किसानों को लेकर किसान संगठनों का विरोध, प्रदर्शन लगातार जारी है तो वहीं किसानों को लेकर ही कांग्रेस ने भी भैरूंदा और बुधनी में अपना शक्ति प्रदर्शन किया। बुधनी विधानसभा में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चैहान एवं मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने भी किसानों की उपज को लेकर कई वादे किए, लेकिन इन सबके बावजूद भी किसानों की समस्या हल नहीं हो पा रही है।
समर्थन मूल्य पर किसानों की फसलें खरीदना सरकार के लिए बेहद संकट बनता जा रहा है। किसानों की उपज को लेकर लगातार सरकार कटघरे में भी दिखाई दे रही है। अभी किसानों की गेहूं की उपज खरीदी जा रही है तो वहीं एक माह के बाद मूंग भी आ जाएगा। गेहूं खरीदी का कार्य नागरिक आपूर्ति निगम के माध्यम से कराया जा रहा है, लेकिन निगम खरीदी केंद्रोें पर पर्याप्त मात्रा में बारदानें उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है। लगातार खरीदी केंद्रों पर वारदानों का संकट बना हुआ है। ऐसे में किसानों की खरीदी का कार्य भी बेहद धीमी गति से चल रहा है।

उपज का पैसा भी नहीं मिल पा रहा
किसानों को पहले तो अपनी उपज पैदा करने के लिए पसीना बहाना पड़ा। फसल निकली तो उसे बेचने के लिए मशक्कत करनी पड़ी और जब फसल बिक गई है तो अब उन्हें अपनी उपज के पैसों के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। दरअसल बैंकों में केस का भयंकर संकट चल रहा है। बैंकों में पर्याप्त मात्रा में केस राशि नहीं है। ऐसे में किसान अपनी उपज का पैसा भी नहीं निकाल पा रहे हैं। जिन बैंकों को प्रतिदिन एक करोड़ से अधिक केस चाहिए उन्हें बमुश्किल से 20 से 30 लाख रूपए ही केस उपलब्ध कराया जा रहा है। ऐसे में किसानों को उनकी राशि नहीं मिल पा रही है। उपज का पैसा लेने के लिए बैंक आने वाले किसानों को 50 हजार से ज्यादा की राशि नहीं दी जा रही है। ऐसे में वे परेशान हैं।
ये है सीहोर जिले में खरीदी की स्थिति
– 1,02,484 किसानों ने पंजीयन कराया।
– 92,334 किसानों ने स्लाॅट बुकिंग की।
– 76683 किसानों से अब तक खदीदी हुई।
– 5 लाख 81 हजार 251 मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हुई।
– 240 खरीदी केंद्र जिलेभर में बनाए।
इनका कहना है
जिलेभर में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी का कार्य चल रहा है। अब तक 5 लाख 81 हजार मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हो चुकी है। जरूरत के अनुसार खरीदी केंद्रों पर बारदानें पहुंचाए जा रहे हैं। सभी किसानों से उनकी गेहूं की उपज ली जाएगी।
– आकाश चंदेल, प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी, सीहोर

किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य चल रहा है। कहीं-कहीं के खरीदी केंद्रों पर बारदानों का संकट है, जिसे दूर किया जा रहा है। सभी किसानों से उनकी उपज खरीदी जाएगी।
– विवेक रंगारी, जिला प्रबंधक, नागरिक आपूर्ति निगम, सीहोर

सभी बैंकों में केस की किल्लत है। आरबीआई से ही केस उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
– सुधीर केसवास, डीआर, सहकारिता विभाग, सीहोर

Exit mobile version