सामाजिक कुरीतियों को मिटाने के लिए महिलाएं एकजुट होकर करें कार्य: अध्यक्ष अग्रवाल

सीहोर। शहर में अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सम्मेलन की नवनिर्वाचित अध्यक्ष मंजु अग्रवाल और उनकी कार्यकारिणी टीम को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित प्रदेश अध्यक्ष संतोष सोडानी, प्रदेश सचिव संगीता भूतड़ा एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष राजकुमारी माहेश्वरी सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने नई टीम को दायित्व सौंपते हुए शपथ ग्रहण कराई।
शपथ लेने के बाद अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में मंजु अग्रवाल ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि महिलाओं को अपने जीवन और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और आपसी एकजुटता ही समाज की प्रगति, महिला सशक्तिकरण और हमारे सांस्कृतिक मूल्यों को सुरक्षित रखने की असली कुंजी है। समाज में फैली कुरीतियों को मिटाने के लिए हम सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी और मिलकर कार्य करना होगा।
भारतीय कुटुंब व्यवस्था हमारी पहचान की आत्मा
समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष संतोष सोडानी ने कहा कि हमारे संस्कार ही हमारी असली धरोहर हैं। उन्होंने संयुक्त परिवार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय कुटुंब व्यवस्था हमारी सांस्कृतिक पहचान की आत्मा और सामाजिक संरचना का मजबूत आधार है। यह केवल परिवारों का समूह नहींए बल्कि भावनाओं, परंपराओं और उच्च मूल्यों का पवित्र संगम है। इसमें बुजुर्गों का अनुभव व आशीर्वाद, युवाओं की ऊर्जा और बच्चों की मासूमियत मिलकर एक आदर्श समाज का निर्माण करते हैं। यह व्यवस्था हमें एकता, सहनशीलता और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाती है।
साल 2010 से निरंतर समाजसेवा में सक्रिय है टीम
अध्यक्ष मंजु अग्रवाल ने सभी अतिथियों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि उनकी यह टीम साल 2010 से लगातार समाज सेवाए महिला सशक्तिकरण और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय है। सभी महिलाएं पूरी एकजुटता के साथ जनहित के कार्य करती आ रही हैं और भविष्य में भी सेवा का यह सिलसिला और अधिक ऊर्जा के साथ जारी रहेगा। समारोह के दौरान प्रांतीय प्रमुख प्रकल्प संस्कार गतिविधि की रजनी बाहेती और शाखा सचिव विनिता सोनी ने संस्था का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन शशि विजयवर्गीय द्वारा किया गया। समारोह में प्रेमलता रुठिया, संगीता राठी, ज्योति रुठिया, प्रतिभा झंवर, संध्या विजयवर्गीय, ज्योति सोनी, मोना चौरसिया, इंदु भावसार, आभा कासट, राधा शर्मा, शशि अग्रवाल, गीता सोडानी, शाखा कोषाध्यक्ष पुष्पा सोनी, राजू पालीवाल, ममता पितालिया, मंजू भरतिया, सरोज सोनी, निर्मला व्यास और किरण सोनी सहित मारवाड़ी समाज एवं संगठन की अनेक गणमान्य महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित थीं।

Exit mobile version