राजनीतिक

कांग्रेस, अध्यक्ष के चुनाव की तारीख तक नहीं तय कर पा रही, कुछ सप्ताह के लिए टालने की तैयारी

नई दिल्ली
कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष का चुनाव कुछ हफ्तों के लिए टाला जा सकता है। चुनाव कब होगा इस पर फैसला 28 अगस्त को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक में लिया जाएगा। पहले यह घोषणा की गई थी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष का चुनाव 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच होगा। सूत्रों की मानें तो फिलहाल अध्यक्ष के चुनाव को आगे टाल दिया गया है।

कांग्रेस पार्टी में अध्यक्ष को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है। राहुल गांधी ने अध्यक्ष का चुनाव लड़ने में रुचि नहीं जताई है। इसके अलावा किसी और नेता ने भी ऐसी इच्छा जाहिर नहीं की है। नेताओं की ओर से भी राहुल गांधी से इतर किसी नाम का प्रस्ताव नहीं दिया गया है। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि आखिर पार्टी का नया अध्यक्ष कौन होगा?

अशोक गहलोत के नाम का भी जिक्र
कई मीडिया रिपोर्ट में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अध्यक्ष पद के लिए दावेदार बताया गया है, लेकिन उन्होंने खुद रिपोर्ट को खारिज कर दिया है। एक दिन पहले अशोक गहलोत ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी वो उसे निभा रहे हैं। मंगलवार को अशोक गहलोत ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात भी की थी।

सोनिया गांधी से 2024 तक बने रहने की अपील
राहुल गांधी की ओर से अध्यक्ष पद के लिए इनकार किए जाने के बाद पार्टी को एकजुट रखने कि लिए कई नेता की ओर से सोनिया गांधी से 2024 तक अध्यक्ष पद पर बने रहने की गुजारिश की जा रही है। बीच-बीच में प्रियंका गांधी वाड्रा का नाम भी उछाला जाता है रहा है। कांग्रेस के कुछ नेताओं को लगता है कि कांग्रेस अध्यक्ष के लिए प्रियंका गांधी एक विकल्प हो सकती हैं।

भूपेश बघेल भी कर चुके हैं इनकार
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी कांग्रेस के अध्यक्ष बनने की अटकलों पर विराम लगा चुके हैं। एक समिट के दौरान भूपेश बघेल से पूछा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष के लिए चार नाम सामने आए हैं, जिसमें एक नाम आपका भी है। बघेल ने जवाब दिया है कि वो इस दौड़ में शामिल नहीं हैं। उन्होंने कहा, मैं अभी भी मानता हूं कि राहुल गांधी ही सबसे बेस्ट अध्यक्ष होंगे। उन्होंने नाम सामने आऩे को लेकर कहा कि यह मीडिया की उपज हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button