
सीहोर। भारत रत्न संविधान निर्माण डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर जिलेभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान जहां पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित की गर्इं तो वहीं भाजपा सहित कांग्रेस ने भी कार्यक्रमों का आयोजन करके डॉ. अंबेडकर को याद किया। डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल को मनाई जाती है। इस बार जयंती को भव्य रूप से मनाया गया है। इसके लिए जहां जिला पंचायत द्वारा पहले ही ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित करने के निर्देश दे दिए गए थे। इसी कड़ी में जिलेभर की ग्राम पंचायतों सहित रेहटी तहसील की ग्राम पंचायत सोयत सहित अन्य पंचायतों में भी ग्राम सभाएं आयोजित की गर्इं। इससे पहले पंचायतों में डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया। इस दौरान ग्राम सभाओं में ग्राम के विकास को लेकर उपस्थित लोगों में चर्चाएं की गर्इं। ग्राम प्रधान रामकृष्ण यादव ने बताया कि ग्राम सभा में पंचायत के विशिष्ट लोगों को भी आमंत्रित किया गया एवं उनसे ग्राम के विकास पर चर्चाएं की गर्इं।
रेहटी में कांग्रेस अजा विभाग ने किया याद-
रेहटी में कांग्रेस के अजा विभाग द्वारा बस स्टैंड पर कार्यक्रम किया गया। इसमें कांगे्रस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल शामिल हुए। कार्यक्रम से पहले डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने हमारा संविधान लिखा था और आज हम उसी संविधान का अनुसरण कर रहे हैं। डॉ. अंबेडकर ने हर वर्ग का ध्यान रखा, हर वर्ग के बारे में सोचा। कार्यक्रम के संरक्षक कैशव चौहान ने कहा कि आज डॉ. अंबेडकर के किए गए कार्यों को पूरी दुनिया में जाना जाता है। वे न केवल भारत रत्न हैं, बल्कि वे विश्व रत्न भी हैं। उन्होंने हमारे देश को दुनियाभर में पहचान दी है, नाम दिया है। कांग्रेस द्वारा आयोजन को लेकर एक समिति भी बनाई गई थी। इस दौरान आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय सिंह चौधरी, उपाध्यक्ष विपत सिंह उइके, उपाध्यक्ष राजेश धनवारे, सचिव जलील खान, जगदीश बारेला सहित मध्यप्रदेश कांग्रेस अजा विभाग के प्रदेश संयोजक विजय वर्मा व बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।