जानलेवा हमला करने वाले पिता-पुत्र 24 घंटे में गिरफ्तार, भेजे गए जेल

सीहोर। इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम भाऊखेड़ी में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में पिता और पुत्र शामिल हैं, जिन्होंने मकान विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर चाकू और गुप्ती से हमला किया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिए हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भाऊखेड़ी निवासी अभिमन्यु वर्मा पिता मनोहर वर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 14 मार्च की शाम लगभग 7.30 बजे मकान विवाद को लेकर आरोपी लखनलाल वर्मा और उसके पुत्र कृष्णपाल वर्मा ने उसके पिता मनोहर वर्मा पर हमला कर दिया। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से चाकू और गुप्ती का इस्तेमाल किया, जिससे पीडि़त गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस की घेराबंदी कर की गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एसडीओपी भेरूंदा रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में इछावर थाना पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों कृष्णपाल और लखनलाल को राउंडअप किया। कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त चाकू और गुप्ती बरामद की।
न्यायालय ने भेजा जेल
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। सोमवार को दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया है।



