Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

राजस्व मंत्री और विधायकों की मौजूदगी में ग्रामीणों को मिले संपत्ति के कानूनी अधिकार

सीहोर। धनतेरस के पावन अवसर पर जिले में स्वामित्व योजना के अंतर्गत एक विशेष पंजीयन अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा और जिले के तीनों विधायकों की उपस्थिति में ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों की आवासीय संपत्तियों के पंजीयन व दस्तावेजों के निष्पादन का कार्य संपन्न हुआ। इस योजना के तहत ग्रामीणों को उनकी आबादी भूमि पर मालिकाना हक का वैधानिक दस्तावेज सौंपा जा रहा है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें।
राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा इछावर विकासखंड के ग्राम सोहनखेड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत हितग्राहियों के दस्तावेजों के निष्पादन और पंजीयन प्रक्रिया में खुद सहभागिता की। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि यह योजना ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का कानूनी अधिकार देने के साथ-साथ उनके आर्थिक सशक्तिकरण में भी मील का पत्थर साबित हो रही है। वैधानिक दस्तावेज मिल जाने से नागरिकों को अपनी संपत्ति के उपयोग और बैंक से ऋण प्राप्त करने में काफी आसानी होगी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर योजना का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।
जिलेभर में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुए कार्य

– बुधनी विधायक रमाकांत भार्गव की उपस्थिति में बुधनी तहसील के ग्राम हिगनासिर, बीसाखेड़ी एवं तिल्लोट में पंजीयन निष्पादन का कार्य किया गया।

– सीहोर के विधायक सुदेश राय की उपस्थिति में ग्राम दोराहा में पात्र हितग्राहियों की संपत्तियों के पंजीयन का कार्य संपन्न हुआ।

– आष्टा के विधायक गोपालसिंह इंजीनियर के पैतृक ग्राम मुलानी-मंगलपुर में विशेष रूप से कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां कुल 113 पात्र प्रकरणों में से 103 परिवारों की आवासीय संपत्तियों की नि:शुल्क रजिस्ट्री की गई।
आर्थिक सशक्तिकरण की अहम पहल
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चलाई जा रही यह योजना ग्रामीण परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इसके माध्यम से ग्रामीणों को उनकी संपत्ति के प्रमाणित और पंजीकृत दस्तावेज मिल रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button