नादान की नारियों का हल्लाबोल, अवैध शराब और सट्टे के खिलाफ घेरा इछावर थाना

सीहोर। अवैध नशे और जुआ-सट्टे के कारण बर्बाद हो रहे घरों को बचाने के लिए अब महिलाएं सडक़ों पर उतर आई हैं। मंगलवार को तहसील के ग्राम नादान की बड़ी संख्या में महिलाओं ने इछावर थाने और तहसील कार्यालय का घेराव कर जबरदस्त प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं ने दो-टूक चेतावनी दी है कि यदि गांव में चल रही अवैध गतिविधियों पर तत्काल लगाम नहीं लगीए तो वे चुप नहीं बैठेंगी और उग्र आंदोलन को मजबूर होंगी।
महिलाओं का आरोप है कि नादान गांव का माहौल पूरी तरह खराब हो चुका है। जगह-जगह बिक रही अवैध शराब और खुलेआम चल रहे सट्टे के कारोबार ने कई परिवारों को बर्बादी की कगार पर खड़ा कर दिया है। महिलाओं ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि शराबियों की बेलगाम हरकतों के कारण अब गांव की स्कूल जाने वाली बेटियां भी सुरक्षित महसूस नहीं करतीं। सार्वजनिक स्थानों पर शराबियों के जमावड़े के कारण महिलाओं के साथ अभद्रता की घटनाएं आम हो गई हैं।
प्रशासनिक खौफ हुआ खत्म, शिकायतें बेअसर
ग्रामीण महिलाओं का दावा है कि गांव में अवैध कारोबारियों के मन में पुलिस और प्रशासन का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है। कई बार स्थानीय स्तर पर शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ऐसी ठोस कार्रवाई नहीं हुई जिससे इन अड्डों को बंद कराया जा सके। महिलाओं ने कहा कि वे अब केवल आश्वासन से संतुष्ट नहीं होंगी, बल्कि उन्हें धरातल पर परिणाम चाहिए।
प्रशासन ने दिया कार्रवाई का भरोसा
महिलाओं के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उनका ज्ञापन स्वीकार किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि नादान गांव में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



