सलकनपुर: मां की अगवानी के लिए अलर्ट हुआ प्रशासन, देखी व्यवस्थाएं
दुकानदारों की ली बैठक, चेतावनी देते हुए कहा दुकानों के सामने अतिक्रमण हुआ तो होगी कार्रवाई

सीहोर। प्रसिद्ध मां विजयासन धाम सलकनपुर में आगामी पितृमोक्ष अमावस्या और शारदीय नवरात्रि पर्व पर उमडऩे वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस व जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन और सुचारु व्यवस्था के लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों पर यदि दुकानों के सामने अतिक्रमण पाया गया या यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न हुई तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

रेहटी थाना पुलिस द्वारा सलकनपुर माता मंदिर परिसर एवं आसपास व्यवसाय करने वाले दुकानदारों की गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक ली गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट लहजे में व्यापारियों को सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े दिशा-निर्देश दिए, जिसमें व्यापारियों से कहा गया है कि वे अपनी दुकानें निर्धारित सीमा के भीतर ही लगाएं। यदि किसी भी दुकानदार ने सडक़ या पैदल मार्ग पर सामान फैलाकर अतिक्रमण करने की कोशिश की तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी ताकि श्रद्धालुओं के पैदल चलने में कोई बाधा न आए।
अग्नि सुरक्षा उपकरण अनिवार्य
सुरक्षा की दृष्टि से प्रत्येक दुकान में छोटा अग्निशमन यंत्र रखना अनिवार्य किया गया है। दुकानों में किसी भी प्रकार का ज्वलनशील पदार्थ रखने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अधिकारियों ने दुकानदारों को सतर्क रहते हुए किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की समझाइश दी। साथ ही किसी भी विवाद की स्थिति में खुद कानून हाथ में न लेकर पुलिस को सूचित करने को कहा गया।

आंवली घाट और पार्किंग का लिया जायजा
नवरात्रि में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ रखने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की टीमों ने जमीनी स्तर पर मोर्चा संभाल लिया है। एसडीएम बुधनी संजीव नागू, एसडीओपी रवि शर्मा, थाना प्रभारी हिमलेंद्र पटेल, नायब तहसीलदार सूरज कुमार और पीडब्ल्यूडी की टीम ने आंवली घाट एवं मंदिर के आसपास बने पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को पार्किंग, सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

वाहन फिटनेस और परमिट चेकिंग शुरू
आरटीओ रितेश तिवारी ने सलकनपुर मंदिर मार्ग पर संचालित होने वाली यात्री बसों और चारपहिया वाहनों के परमिट व फिटनेस का निरीक्षण किया। चालकों को क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने और नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
हाथी पर सवार होकर आएंगी माता रानी
एक तरफ जहां प्रशासन व्यवस्थाएं बनाने में मुस्तैद है, वहीं ज्योतिषीय दृष्टि से भी इस बार का नवरात्रि पर्व बेहद शुभ रहने वाला है। बालाजी ज्योतिष अनुसंधान केंद्र के ज्योतिषाचार्य पंडित सौरभ गणेश शर्मा के अनुसार इस बार घटस्थापना के दिन माता रानी हाथी पर सवार होकर आ रही हैं। धार्मिक मान्यताओं में हाथी को वैभव, स्थायित्व और सुख-समृद्धि का प्रतीक माना गया है। ज्योतिषाचार्य के अनुसार यह संयोग देश की आर्थिक प्रगति, व्यापारिक नीतियों और निर्यात क्षेत्र के लिए अत्यंत अनुकूल सिद्ध होगा।
साधना और खरीदारी के अति-शुभ योग
पंडित शर्मा के अनुसार इस बार किसी भी तिथि का क्षय नहीं हो रहा है, जिससे साधना और अनुष्ठान के लिए श्रद्धालुओं को पूरे नौ दिनों का संपूर्ण समय मिलेगा। इसके अतिरिक्त नई संपत्ति, भवन, वाहन, आभूषण और वस्त्रों की खरीदारी के लिए भी कई शुभ योग 14 अक्टूबर चतुर्थी अमृत सिद्धि योग, 18 अक्टूबर सप्तमी सर्वार्थ सिद्धि योग और 19 अक्टूबर महाअष्टमीद्ध सर्वार्थ सिद्धि योग बन रहे हैं। इन सभी शुभ तिथियों पर रवियोग का दुर्लभ संयोग भी बना रहेगा, जिसमें की गई साधना और खरीदारी विशेष फलदायी मानी जाती है।



