Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

पंचायत भवन में सेंध लगाने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तार, 50 हजार का माल बरामद

सीहोर। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों पर नकेल कसने के अभियान में इछावर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम पंचायत भवन का ताला तोडक़र सामान चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से चोरी किया गया करीब 50 हजार रुपये का सामान भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी अजय वर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 और 5 मई की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने पंचायत भवन को निशाना बनाया। चोरों ने भवन का ताला तोडक़र वहां रखे दो पुराने आर्मेचर, एक विद्युत ट्यूबवेल और दो छत पंखे पार कर दिए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एडिशनल एसपी सुनीता रावत और एसडीओपी भैरूंदा रोशन कुमार जैन के मार्गदर्शन में इछावर थाना प्रभारी पंकज वाडेकर ने एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला और इलाके में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को दो संदिग्धों के बारे में पुख्ता जानकारी मिली। घेराबंदी कर पुलिस ने ग्राम दिवडिय़ा निवासी सरताज और प्रदीप वर्मा को हिरासत में लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
थाने लाकर जब दोनों संदेहियों से बारीकी से पूछताछ की गई तो उन्होंने पंचायत भवन में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया सारा सामान आर्मेचर, ट्यूबवेल और पंखे बरामद कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस चोरी का खुलासा करने और आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने में थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज वाडेकर, सउनि जनार्दन मिश्रा, प्रधान आरक्षक विक्रम सिंह और प्रधान आरक्षक राजेश तिवारी की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button