नई कप्तान के सामने पहली बड़ी चुनौती, पदभार संभालते ही संभालेंगी सीएम और केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा

सीहोर। जिले की नई पुलिस कप्तान सोनाक्षी सक्सेना के लिए पदभार ग्रहण करने के साथ ही चुनौतियों का सिलसिला शुरू हो गया है। 7 मई को विधिवत कार्यभार संभालने के बाद अब उनके सामने पहली बड़ी अग्निपरीक्षा 10 मई को होने वाली वीवीआईपी ड्यूटी है। भैरुंदा में आयोजित होने वाले विकास के महाकुंभ में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शिरकत करेंगे, जिनकी सुरक्षा और व्यवस्था का जिम्मा अब सीधे तौर पर नई एसपी के हाथों में होगा।
इधर कार्यभार संभालने के महज कुछ ही घंटों के भीतर एसपी सोनाक्षी सक्सेना पूरी तरह एक्टिव नजर आईं। उन्होंने न केवल प्रशासनिक बारीकियों को समझा, बल्कि सीधे फील्ड में उतरकर अपनी कार्यशैली का परिचय दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए उन्होंने तहसील चौराहे से थाना कोतवाली तक पैदल भ्रमण किया। कोतवाली में उन्होंने लंबित फाइलों, अपराधों और विवेचनाओं का बारीकी से अवलोकन किया और स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में कोई देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

भैरुंदा में 10 मई को विकास का महाकुंभ
आगामी 10 मई को भैरुंदा में होने वाला कार्यक्रम बेहद खास है। इस दौरान प्रदेश को 2024 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। जिसमें प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना और पीएम जनमन योजना के तहत प्रदेश भर में हजारों किलोमीटर लंबी सडक़ों का शुभारंभ होगा। जिले में 165 करोड़ की लागत से 209 किलोमीटर लंबी 81 सडक़ों का निर्माण होगा, जिससे 84 गांव लाभान्वित होंगे।
प्रशासनिक अमला अलर्ट
वीवीआईपी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर बालागुरु के. और पुलिस प्रशासन पहले से ही सक्रिय है। अब नई एसपी सोनाक्षी सक्सेना के नेतृत्व में पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहा है। बुधवार को ही कलेक्टर और अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का मुआयना कर एंट्री-एग्जिट, पार्किंग और बैरिकेडिंग के निर्देश दिए थे। एडिशनल एसपी सुनीता रावत ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को ब्रीफ किया है।
टीम वर्क का दिया मंत्र
पुलिस अधिकारियों के साथ अपनी पहली परिचयात्मक बैठक में एसपी सक्सेना ने अपना विजन साफ कर दिया है। उन्होंने एएसपी सुनीता रावत, सीएसपी डॉ. अभिनंदन शर्मा और सभी थाना प्रभारियों को टीम वर्क का मंत्र दिया।



