योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, कार्यों में सुधार न होने पर होगी कार्रवाई: कलेक्टर

सीहोर। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. कड़े तेवर में नजर आए। उन्होंने विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। संतोषजनक कार्य न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि यह राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इसे पूरी गंभीरता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं, जल गंगा संवर्धन अभियान की धीमी प्रगति पर उन्होंने असंतोष जताते हुए कहा कि इसे केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि एक जन आंदोलन के रूप में गांव-गांव तक ले जाएं।
शिक्षा और किसान प्राथमिकता पर
कलेक्टर ने स्कूल चले हम अभियान और कॉलेज प्रवेश प्रक्रिया पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जिले का एक भी विद्यार्थी शिक्षा से न छूटे। इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। किसानों के मुद्दे पर बात करते हुए कलेक्टर ने कहा कि गेहूं चना और मसूर का उपार्जन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि स्लॉट बुकिंग के अनुसार किसानों से सुचारू खरीदी हो। उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं मौजूद रहें। कोई भी पात्र किसान उपज बेचने से वंचित न रहे।
राजस्व और विकास परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर ने सीमांकन, नामांतरण और बंटवारा जैसे राजस्व मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही नेशनल हाईवे और रेलवे परियोजनाओं के लिए भू.अर्जन और मुआवजा वितरण की कार्यवाही में तेजी लाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण
एक महत्वपूर्ण निर्देश में कलेक्टर ने जिले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों और संस्थाओं को पांडुलिपियों के महत्व के प्रति जागरूक करें और उन्हें चिन्हित कर पोर्टल पर अपलोड करवाएं। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव, संयुक्त कलेक्टर जमील खान, वंदना राजपूत, रविंद्र परमार, एसडीएम तन्मय वर्मा सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।



