सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए जनभागीदारी का आह्वान करेगी समान शिक्षा जन यात्रा, मंगलवार को बुधनी पहुंचेगी

सीहोर। हर बच्चे को समान और अच्छी गुणवत्ता वाली शिक्षा मिले तथा सरकारी स्कूलों की स्थिति और दिशा में सकारात्मक बदलाव आए, इसी उद्देश्य से बालाघाट से शुरू हुई समान शिक्षा जन यात्रा मंगलवार 24 नवंबर को बुधनी पहुंचेगी। इस यात्रा के जरिए सरकारी स्कूलों को और बेहतर बनाने के लिए आम लोगों की सीधी भागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी का आह्वान किया जाएगा।
राष्ट्रीय समान शिक्षा जन समिति के संयोजक और मध्यप्रदेश कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी समान शेखर के नेतृत्व में यह यात्रा 15 नवंबर को बालाघाट से शुरू हुई थी। विभिन्न शहरों और कस्बों से गुजरते हुए यह यात्रा भोपाल की ओर बढ़ रही है। यात्रा का मुख्य मकसद शिक्षा में सबको समान अवसर देना, गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई सुनिश्चित करना और सरकारी स्कूलों के विकास में समाज की हिस्सेदारी को बढ़ाना है।
स्कूलों का भ्रमण, संवाद और स्थानीय प्रयासों पर चर्चा
यात्रा के दौरान सरकारी स्कूलों का दौरा किया जा रहा है, जहां विद्यार्थियोंए शिक्षकों और अभिभावकों से बातचीत कर स्कूलों की असली जरूरतों को समझा जा रहा है। इसके साथ ही स्कूल विकास की योजनाओं में समाज की भूमिका और स्थानीय स्तर पर शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किए जा सकने वाले उपायों पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है।
विरोध नहीं, समाज को जिम्मेदारी समझने की पहल
समान शिक्षा जन यात्रा की सबसे खास बात यह है कि यह किसी विरोध या मांगपत्र सौंपने का अभियान नहीं है, बल्कि यह समाज को अपनी जिम्मेदारी पहचानने और सकारात्मक बदलाव के लिए आगे आने की पहल है। यात्रा का स्पष्ट संदेश है कि सरकारी स्कूल केवल सरकार के नहीं, बल्कि पूरे समाज के भी हैं। इनके बेहतर भविष्य के लिए अभिभावकों, शिक्षकों, शासन, प्रशासन और समुदायकृसभी को मिलकर काम करना होगा।
दोपहर 3 बजे निकलेगी यात्रा
निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार 24 नवंबर को बुधनी में दोपहर 3 बजे समान शिक्षा जन यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी और शिक्षा में समान अवसर व जनभागीदारी का संदेश देगी। यात्रा के बाद शाम 5.15 बजे से रात 7 बजे तक बुधनी के दशहरा मैदान में जनसंवाद कार्यक्रम होगा। इसमें समान शिक्षा के उद्देश्यों, सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने में समाज की भूमिका और शिक्षा सुधार के सामूहिक प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। राष्ट्रीय समान शिक्षा जन समिति ने बुधनी के नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में जन यात्रा और जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल हों।



