खतरनाक हो चुकी सेमली जोड़ पुलिया पर राठौर समाज की पहल, दुर्घटनाएं रोकने खुद बनवाए संकेतक

सीहोर। सीहोर-श्यामपुर रोड पर सेमली जोड़ के पास स्थित पुलिया अब वाहन चालकों के लिए खतरनाक साबित हो रही है। यहां पुलिया के आसपास की सडक़ पूरी तरह धंस चुकी है, जिसके चलते आए दिन वाहन चालक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। प्रशासन की अनदेखी के बीच अब सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए राठौर समाज आगे आया है।
समाज के जिला उपाध्यक्ष मोहन सिंह राठौर ने जनहित में सराहनीय कदम उठाते हुए खतरनाक स्थान पर खुद सफेद रंग से ब्रेकर और सांकेतिक चिन्ह बनवाए हैं। श्री राठौर ने बताया कि सडक़ धंसने के कारण रात के अंधेरे में वाहन चालकों को गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे वे गंभीर चोटिल हो रहे थे। अब इन सफेद संकेतों की मदद से चालक दूर से ही अपनी गति नियंत्रित कर सकेंगे। समाज के प्रति उनकी इस जागरूकता की क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है। साथ ही संबंधित विभाग से मांग की गई है कि इस पुलिया की तत्काल मरम्मत कर स्थायी समाधान निकाला जाए।



