आज रेहटी दौरे पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण, आयुष अस्पताल और देवीलोक का करेंगे निरीक्षण

सीहोर। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज जिले की रेहटी तहसील के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे रेहटी में करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से बने नवनिर्मित शासकीय सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण करेंगे। साथ ही बोरी के पास लगभग 6.55 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 50 बिस्तरीय आयुष चिकित्सालय और सलकनपुर स्थित देवीलोक परिसर का अवलोकन कर क्षेत्रवासियों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे।
निर्धारित दौरा कार्यक्रम
सुबह 11.30 बजे: औबेदुल्लागंज से ग्राम बोरी सेमरी के लिए प्रस्थान।
दोपहर 12.15 बजे: ग्राम बोरी आगमन।
दोपहर 12.15 से 12.35 बजे तक: लगभग 6.55 करोड़ रुपये की लागत वाले 50 बिस्तरीय आयुष चिकित्सालय का अवलोकन।
दोपहर 12.35 बजे: रेहटी के लिए प्रस्थान और दोपहर 12.45 बजे रेहटी आगमन।
दोपहर 12.45 से 2.15 बजे तक: करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से बने शासकीय सांदीपनि विद्यालय रेहटी का लोकार्पण।
दोपहर 2.15 बजे: सलकनपुर के लिए प्रस्थान और दोपहर 2.45 बजे सलकनपुर आगमन।
दोपहर 2.45 से 3.15 बजे तक: माता के दरबार में दर्शन व पूजन।
दोपहर 3.15 से 4.15 बजे तक: सलकनपुर में देवीलोक परिसर का अवलोकन।
शाम 4.15 बजे: सलकनपुर से भोपाल के लिए प्रस्थान।
तैयारियों में जुटा अमला व कार्यकर्ता
रेहटी में शासकीय सांदीपनि विद्यालय के लोकार्पण का मुख्य आयोजन स्कूल प्रांगण में होना तय है, जिसके लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आगमन को लेकर विधायक रमाकांत भार्गव ने भाजपा सलकनपुर मंडल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं।
भाजपा सलकनपुर मंडल अध्यक्ष बनवीर सिंह चंद्रवंशी के नेतृत्व में मंडल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता आसपास के गांवों और क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को कार्यक्रम का आमंत्रण देते रहे। वहीं स्कूल प्राचार्य महेश कुमार ने भी नगरवासियों और क्षेत्रवासियों से लोकार्पण समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।



