Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीविशेषसीहोर

कलेक्ट्रेट में सीईओ तो पुलिस दफ्तर में एसपी ने सुनीं जन समस्याएं

- जनसुनवाई में पहुंचे बड़े संख्या में फरियादी, मौके पर ही दिए निराकरण के निर्देश

सीहोर। जिला मुख्यालय पर मंगलवार को जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद देखने को मिला। एक ओर जहां कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने लोगों की प्रशासनिक समस्याओं का समाधान किया, वहीं दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में नवागत एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने पुलिस से संबंधित शिकायतों को सुना। दोनों ही स्थानों पर अधिकारियों ने पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
कलेक्ट्रेट में 45 आवेदकों ने लगाई गुहार –
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ सर्जना यादव ने जिलेभर से आए 45 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। यहां मुख्य रूप से भूमि विवाद, नामांतरण, बंटवारा, प्रधानमंत्री आवास योजना, बीपीएल कार्ड, वृद्धावस्था पेंशन और मुआवजा राशि से संबंधित मामले सामने आए। सीईओ ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का निराकरण समय सीमा के भीतर किया जाए। इस दौरान एसडीएम तन्मय वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
नवागत एसपी ने सुनी लोगों की समस्याएं-
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई इस बार विशेष रही। नवागत एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार जनसुनवाई की कमान संभाली। उन्होंने कार्यालय पहुंचे प्रत्येक आवेदक से व्यक्तिगत रूप से चर्चा की। एसपी ने शिकायतों को बेहद संजीदगी से सुना और फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा और न्याय पुलिस की पहली प्राथमिकता है। जनसुनवाई में कुल 24 शिकायतकर्ता पहुंचे थे। शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने मौके पर ही संबंधित थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को फोन लगाकर प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक के साथ नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा भी मौजूद रहीं, जिन्होंने तकनीकी पहलुओं और पुलिस प्रक्रियाओं पर चर्चा कर फाइलों का अवलोकन किया। एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिस कार्यालय आने वाले हर व्यक्ति के साथ शालीनता से व्यवहार किया जाए और उनकी जायज समस्याओं का समाधान कम से कम समय में सुनिश्चित हो।
ग्रामीणों की बड़ी उम्मीदें –
जिले के दूर-दराज के क्षेत्रों से आए ग्रामीणों के लिए यह जनसुनवाई काफी उम्मीदें लेकर आई। सीधा जिले के बडे़ अधिकारियों से संवाद होने के कारण लोगों में इस बात का भरोसा जगा है कि उनकी समस्याओं को अब अनसुना नहीं किया जाएगा। जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी जनपद कार्यालयों में भी जनसुनवाई का आयोजन किया गया, ताकि निचले स्तर पर ही समस्याओं का निराकरण हो सके।
बिजली कंपनी लगाएगी शिविर, सुनी जाएंगी समस्याएं-

इधर विद्युत वितरण कंपनी द्वारा 14 मई को कलस्टर 1 के विद्युत वितरण केंद्रों पर संपर्क अभियान के अंतर्गत कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंप में बिजली उपभोक्ताओं की बिल, मीटर, सर्विस केबल, कनेक्शन एवं तकनीकी सेवाओं संबंधी शिकायतों का निराकरण किया जाएगा। जिन स्थानों पर कैंप आयोजित किए जाएंगे उनमें अमलाहा, छतरी, बिजलोन, देवली, खेरी, भाउखेड़ी, महुआखेड़ा, गावंतालाब, करंजखेडा, गुड़भेला, वार्ड न.3, वार्ड न.8, अरनिया सुल्तानपुर, अबदुल्लापुर और चैनपुरा शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button