Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशरेहटीसीहोर

नीट पेपर लीक की आंच अब सीहोर तक, श्री सत्य साई यूनिवर्सिटी का छात्र नाशिक से गिरफ्तार, विश्वविद्यालय ने झाड़ा पल्ला

सीहोर। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) पेपर लीक मामले के तार अब मध्य प्रदेश के सीहोर जिले से जुड़ते नजर आ रहे हैं। राजस्थान पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नाशिक से शुभम खैरनार नाम के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी शुभम सीहोर स्थित प्रतिष्ठित श्री सत्य साई यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी एंड मेडिकल साइंसेज का छात्र रहा है। इस खुलासे के बाद स्थानीय स्तर पर हडक़ंप मच गया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी शुभम खैरनार सीहोर की श्री सत्य साई यूनिवर्सिटी में आयुर्वेद चिकित्सा का छात्र रहा है। राजस्थान पुलिस को शुरुआती जांच में शुभम के नीट परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक सिंडिकेट से जुड़े होने के पुख्ता सबूत मिले हैं। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या पेपर लीक की साजिश के तार सीहोर यूनिवर्सिटी के अन्य छात्रों या किसी नेटवर्क से तो नहीं जुड़े हैं।
प्रबंधन की सफाई, प्रवेश लिया, पर कभी कैंपस नहीं आया
जैसे ही आरोपी का संबंध श्री सत्य साई यूनिवर्सिटी से होने की खबर फैली विश्वविद्यालय प्रबंधन ने आनन फानन में अपना पक्ष रखा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कुलगुरु मुकेश तिवारी ने स्पष्ट किया है कि शुभम का विश्वविद्यालय से नाता केवल कागजों तक ही सीमित था।
– कुलगुरु ने बताया कि शुभम ने वर्ष 2021 में बीएएमएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया था।
– एडमिशन के बाद वह कभी भी शैक्षणिक गतिविधियों के लिए विश्वविद्यालय नहीं आया।
– वह न तो किसी आंतरिक परीक्षा में शामिल हुआ और न ही उसकी उपस्थिति दर्ज की गई।
सवालों के घेरे में ‘घोस्ट स्टूडेंट’ कल्चर
यूनिवर्सिटी भले ही यह कहकर पल्ला झाड़ रही हो कि छात्र कभी कॉलेज नहीं आया, लेकिन सवाल यह उठता है कि क्या ऐसे ‘घोस्ट स्टूडेंट्स’ (जो सिर्फ एडमिशन लेते हैं और गायब रहते हैं) की निगरानी के लिए कोई तंत्र मौजूद नहीं था। राजस्थान पुलिस शुभम से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि सीहोर में रहकर या यहां की पहचान का उपयोग कर उसने किन-किन लोगों से संपर्क साधा था।
सीहोर पुलिस भी अलर्ट
शुभम खैरनार की गिरफ्तारी और सीहोर कनेक्शन सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी सतर्क हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि पूछताछ के दौरान कुछ और स्थानीय नामों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल राजस्थान पुलिस शुभम को रिमांड पर लेकर पेपर लीक के मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button