करोली माता मंदिर में चोरी, दानपेटी चुरा ले गए चोर, वारदात सीसीटीवी में कैद

सीहोर। शहर के प्रसिद्ध और आस्था के केंद्र करोली माता मंदिर में बीती रविवार की रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। शातिर चोरों ने मंदिर के गर्भगृह और प्रांगण में प्रवेश कर वहां रखी दानपेटी सहित कुछ अन्य कीमती सामान पार कर दिया। आस्था के केंद्र पर हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश और निराशा है। हालांकि यह पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
सीसीटीवी फुटेज से साफ हुआ है कि रात के अंधेरे में एक चोर बेहद शातिराना तरीके से मंदिर परिसर के भीतर दाखिल हुआ। चोर ने सबसे पहले माता के दरबार के पास रखी मुख्य दानपेटी का ताला तोडऩे या उसे कटर से काटने का काफी प्रयास किया। जब वह काफी मशक्कत के बाद भी दानपेटी को मौके पर खोलने या उसका ताला तोडऩे में सफल नहीं हो सका तो उसने दूसरी चालाकी चली। चोर पूरी दानपेटी और वहां रखा अन्य कीमती सामान समेटकर रफूचक्कर हो गया।
ईंट भट्टों के पास मिला खाली बॉक्स
चोरी की इस घटना का खुलासा सोमवार सुबह हुआ। जब मंदिर के पुजारी और रोज की तरह दर्शन करने वाले श्रद्धालु सुबह-सुबह मंदिर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। मंदिर के ताले टूटे हुए थे और अंदर से दानपेटी गायब थी। तत्काल इसकी सूचना मंडी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर आसपास के इलाके में छानबीन शुरू की तो मंदिर से कुछ ही दूरी पर स्थित ईंट भट्टों के पास कटी हुई खाली दानपेटी लावारिस हालत में पड़ी मिली। चोर सुनसान जगह पर ले जाकर पेटी को कटर से काटकर उसमें रखी सारी नगदी चढ़ावे की रकम निकाल ले गए और खाली बॉक्स वहीं फेंक कर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
धार्मिक स्थल पर हुई इस चोरी की खबर मिलते ही मंडी थाना पुलिस बल तुरंत एक्शन में आया। पुलिस ने मंदिर के सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है, जिसमें चोर की पूरी हरकत साफ नजर आ रही है। फुटेज के आधार पर संदेही की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
आरोपी जल्द होगा सलाखों के पीछे
करोली माता मंदिर से दानपेटी चोरी होने की शिकायत मिली है। मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हुलये का मिलान किया जा रहा है। पुलिस की विशेष टीमों को संदिग्धों की धरपकड़ के लिए रवाना किया गया है, जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।
सुनील मेहर, थाना प्रभारी मंडी थाना सीहोर



