समान नागरिक संहिता पर 22 जून तक दें अपने सुझाव: कलेक्टर

सीहोर। समान नागरिक संहिता के संबंध में नीति निर्माण के लिए सरकार ने आम जनता से सुझाव मांगे हैं। कलेक्टर बालागुरू के. ने जिले के सभी शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण विषय पर अपने सुझाव अवश्य दें। उन्होंने कहा कि एक बेहतर और प्रभावी नीति निर्माण के लिए बड़े पैमाने पर जनभागीदारी का होना बेहद आवश्यक है, क्योंकि जनता के सुझावों को ही नीति का आधार बनाया जाएगा।
कलेक्टर बालागुरू ने समय-सीमा की जानकारी देते हुए बताया कि समान नागरिक संहिता को लेकर सुझाव आगामी 22 जून तक आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक नागरिक इस तय तारीख तक अपने विचार और राय सरकार के समक्ष दर्ज करा सकते हैं।
वेबसाइट पर प्रक्रिया है बेहद सरल
सुझाव दर्ज कराने की प्रक्रिया को बेहद आसान और पारदर्शी बनाया गया है। इसके लिए विशेष रूप से तैयार की गई आधिकारिक वेबसाइट लॉन्च की गई है। कोई भी नागरिक इस वेबसाइट पर जाकर नीचे दिए गए सरल चरणों में अपना सुझाव दे सकता है।
सामान्य जानकारी: वेबसाइट पर मौजूद फॉर्म में केवल नाम, लिंग, धर्म, संभाग, जिला, पता और मोबाइल नंबर भरना होगा।
वस्तुनिष्ठ प्रश्न: फॉर्म में कुल 12 प्रश्न दिए गए हैं, जिनका उत्तर केवल हां या ना में देना है।
ओटीपी से सत्यापन: सभी प्रश्नों के उत्तर देने के बाद मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा, जिससे सत्यापित करते ही आपका सुझाव सुरक्षित रूप से जमा हो जाएगा।



