डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित

सीहोर। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय सीहोर में महान राष्ट्रवादी चिंतक, प्रखर शिक्षाविद, जनसंघ के संस्थापक एवं भारतीय एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन व डॉ. मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और वैचारिक दृढ़ता का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की एकता और अखंडता को सर्वोपरि मानते हुए अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित कर दिया। वे स्वतंत्र भारत की राजनीति में एक ऐसे दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने राष्ट्रीयता और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित राजनीति की नींव रखी। जिलाध्यक्ष मेवाड़ा ने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना कर उन्होंने राष्ट्रवादी विचारधारा को एक नई दिशा प्रदान की। शिक्षा, उद्योग और राष्ट्रीय नीति के क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज का भारत डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है और प्रत्येक कार्यकर्ता को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। सभा को संबोधित करते हुए सीहोर विधायक सुदेश राय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान भारतीय इतिहास में राष्ट्रीय एकता के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदानों में से एक है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में लागू दो विधान, दो प्रधान और दो निशान की व्यवस्था का दृढ़ता से विरोध किया था क्योंकि वे मानते थे कि एक देश में दो संविधान और दो व्यवस्थाएं स्वीकार नहीं की जा सकतीं। विधायक राय ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को भारत की मुख्यधारा से पूर्ण रूप से जोड़ने के लिए उन्होंने संघर्ष किया और इसी उद्देश्य से किए गए आंदोलन के दौरान उन्हें गिरफ्तार किया गया, जहां रहस्यमयी परिस्थितियों में उनका निधन हुआ। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का बलिदान देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित था तथा उनके विचारों और संघर्ष की प्रेरणा से ही आज जम्मू-कश्मीर में पूर्ण संवैधानिक एकीकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता रहेगा।
नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का राष्ट्र के प्रति समर्पण और बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों पर चलकर ही एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण किया जा सकता है। श्रृद्धांजलि सभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता सन्नी महाजन, उपाध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, मीडिया प्रभारी प्रितेश राठौर, जिला मंत्री प्रीति सोनी, वरिष्ठ नेता जयसिंह ठाकुर, कार्यालय मंत्री आशीष पचौरी, सह मीडिया प्रभारी पवन जैन, वरिष्ठ जन कन्हैयालाल, हरिओम शर्मा दाऊ, राकेश राठौर सहित मण्डल अध्यक्ष, मण्डल पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



