सारिका घारू ने दी 25 जून तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की सीख
सीहोर। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, नगरीय निकायों और त्रि-स्तरीय पंचायतों की मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण-2026 के तहत सीहोर जिले के ग्राम गुड़भेला में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोग की ब्रांड एंबेसडर सारिका घारू ने इस जागरूकता अभियान की कमान संभाली। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पारंपरिक लोकसंगीत रहा। स्थानीय भाषा में गीतों, 25 जून तक नाम जोड़ना, हम सबकी जिम्मेदारी जैसे आकर्षक चुनावी जिंगल्स के जरिए युवाओं और महिलाओं को वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया समझाई गई। सारिका घारू ने नागरिकों का एक बड़ा भ्रम दूर करते हुए स्पष्ट किया कि लोकसभा या विधानसभा की मतदाता सूची और स्थानीय निकाय की सूची दोनों अलग-अलग होती हैं। जिन नागरिकों का नाम विधानसभा सूची में है, उन्हें भी पंचायत और नगर निकाय चुनावों के लिए इस स्थानीय सूची में अपना नाम दोबारा जरूर जांचना चाहिए। सारिका ने कहा कि जो युवा 1 जनवरी 2026 को या उससे पहले 18 वर्ष के हो चुके हैं, वे तुरंत अपना नाम जुड़वाएं। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम या पते की गलतियों को सुधारने के लिए आयोग द्वारा बढ़ाई गई 25 जून की अंतिम तिथि का लाभ उठाएं। कार्यक्रम का समापन आगामी स्थानीय चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ हुआ।



