Newsआष्टाइछावरजावरधर्मनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

विक्रम मस्ताल बोले- वह गूंगा शासक अब चुप क्यों हैं?

सीहोर। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस ने राम जन्मभूमि ट्रस्ट के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को राजधानी भोपाल में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने इस पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की। इस दौरान टीवी सीरियल रामायण-2 में हनुमान का किरदार निभाने वाले कांग्रेस नेता विक्रम मस्ताल ने सरकार पर सीधे हमले किए।
विक्रम मस्ताल ने कहा मैं उस गूंगे शासक से पूछना चाहता हूं जो संसद से लेकर मंचों, गलियों और हर जगह दुहाई दे रहा था कि मैं राम को लाया हूं, हम राम को लाए हैं, वह आज कहां हैं और इस गंभीर मामले पर चुप क्यों हैं।
मस्ताल ने कहा कि अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण के लिए देश के आम लोगों ने अपनी गाढ़ी कमाई दान की थी। इसमें किसी गरीब किसान का पैसा था, तो किसी मां, भाई और पिता की श्रद्धा की राशि थी, जिसकी आज बेरहमी से लूट मचा दी गई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इतिहास में अगर राम मंदिर निर्माण याद रखा जाएगा तो यह भी हमेशा याद रहेगा कि श्रद्धालुओं के पवित्र चढ़ावे को लेकर ऐसा बड़ा विवाद और घोटाला हुआ था।
सेना को सौंपी जाए मंदिर की व्यवस्था
भाजपा पर सत्ता के लालच में मूकदर्शक बनने का आरोप लगाते हुए विक्रम मस्ताल ने मांग की कि न्यायालय इस पूरे मामले का खुद संज्ञान ले। उन्होंने कहा कि मौजूदा ट्रस्ट और समिति को तत्काल प्रभाव से भंग किया जाना चाहिए और राम मंदिर की पूरी व्यवस्था व सुरक्षा सेना के हाथों में सौंप देनी चाहिए।
चंपत राय के मकानों पर बुलडोजर क्यों नहीं चला
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने भी सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि चढ़ावा चोरी मामले में सरकार द्वारा एसआईटी का गठन करना महज एक नौटंकी है। जिन लोगों पर अब तक कार्रवाई की जा रही है, वे केवल चढ़ावा गिनने वाले छोटे कर्मचारी थे। असली चेहरों को छुपाया जा रहा है। शर्मा ने आरोप लगाया कि अयोध्या में हो रही यह पूरी कार्रवाई चंपत राय और उनके करीबियों को बचाने के लिए की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस मामले में चंपत राय की भूमिका की जांच कर उन्हें जेल क्यों नहीं भेजा गया। चंपत राय के इस्तीफे की चर्चा तो है, लेकिन उसे अब तक स्वीकार क्यों नहीं किया गया। अपराधियों के घरों पर बुलडोजर चलाने का दम भरने वाली सरकार ने चंपत राय के मकानों पर बुलडोजर क्यों नहीं चलाया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक इस महाघोटाले की निष्पक्ष सीबीआई जांच नहीं होती और दोषियों को जेल नहीं भेजा जाता, तब तक कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और जनता के पैसों के हिसाब के लिए सडक़ से संसद तक आवाज उठाती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button