नारी शक्तियों द्वारा योग शिक्षकों का सम्मान समारोह संपन्न

सीहोर। नगर में नारी शक्तियों द्वारा आयोजित योग शिक्षकों का एक सम्मान समारोह संपन्न हुआ। इस विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सुदेश राय उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में अरुणा राय मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी शीलू शर्मा द्वारा की गई। समारोह की शुरुआत बालिकाओं चित्रांशी यादव और सुनयना रावत की मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के साथ हुई।
समारोह में क्षेत्र के लगभग 50 से अधिक गणमान्य नागरिकों और योग साधकों की मौजूदगी में योग शिक्षकों का शॉल श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ योग प्रशिक्षिका छाया यादव ने योग के महत्व, इसके वैज्ञानिक लाभ और दैनिक जीवन में योग को अपनाने की आवश्यकता पर बेहद सरल और प्रेरणादायक विचार रखे। उन्होंने योग के कर्म, उद्देश्य और जीवन में इसकी वास्तविक उपयोगिता को विस्तारपूर्वक समझाया।
वर्ष 2007 से नि:शुल्क योग सेवा दे रही हैं छाया यादव
योग प्रशिक्षिका छाया यादव ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि वे वर्ष 2007 से निरंतर योग क्षेत्र से जुड़ी हुई हैं। अब तक उन्होंने जिले के अनेक शहरी और ग्रामीण स्थानों पर पूरी तरह नि:शुल्क योग प्रशिक्षण शिविर लगाकर हजारों लोगों को योग और स्वस्थ जीवनशैली से जोडऩे का अभूतपूर्व कार्य किया है। वर्तमान में भी उनके द्वारा नियमित रूप से योग कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है, जिससे जुडक़र क्षेत्र के अनेक लोग निरोगी और स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
अतिथियों ने की सेवा भावना की सराहना
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने योग शिक्षकों की सेवाओं की जमकर सराहना की। विशिष्ट अतिथि अरुणा राय ने योग प्रशिक्षिका छाया यादव के समर्पण, सेवा भावना और समाज में योग के प्रति जनजागरण के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि छाया यादव लंबे समय से बिना किसी स्वार्थ के लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रही हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य है। उन्होंने छाया यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी। अतिथियों ने कहा कि योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह एक स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की श्रेष्ठ जीवनशैली है।



