Newsआष्टाइछावरजावरनसरुल्लागंजबुदनीमध्य प्रदेशराजनीतिकरेहटीसीहोर

अघोषित बिजली कटौती, गांधी पार्क और वृद्धावस्था पेंशन को लेकर कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सीहोर। जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को अध्यक्ष राजीव गुजराती एवं शहर अध्यक्ष घनश्याम यादव  के नेतृत्व में कलेक्टर को जनहित से जुड़े तीन प्रमुख मुद्दों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जिले में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने, गांधी पार्क में प्रस्तावित सुलभ कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य निरस्त करने तथा पिछले कई महीनों से लंबित वृद्धावस्था पेंशन का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की गई।
कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि पिछले कई दिनों से जिले में बिना पूर्व सूचना के घंटों बिजली कटौती की जा रही है, जिससे किसानों की सिंचाई, विद्यार्थियों की पढ़ाई और आम नागरिकों की दैनिक दिनचर्या प्रभावित हो रही है। साथ ही विभिन्न प्रकार के सरचार्ज जोडक़र उपभोक्ताओं पर महंगे बिजली बिलों का अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। पार्टी ने नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और अतिरिक्त सरचार्ज पर रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन में गांधी पार्क को शहर का प्रमुख प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक सार्वजनिक स्थल बताते हुए कहा गया कि पार्क के भीतर सुलभ कॉम्प्लेक्स का निर्माण होने से इसकी प्राकृतिक सुंदरता, हरित वातावरण और पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित होगा। कांग्रेस ने प्रशासन से निर्माण कार्य तत्काल रोककर इसे किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।
इसके अलावा कांग्रेस ने बताया कि जिले के हजारों गरीब, असहाय और बेसहारा बुजुर्गों को पिछले चार से पांच महीनों से वृद्धावस्था पेंशन की राशि नहीं मिली है। इससे उन्हें भोजन, दवाइयों और दैनिक जरूरतों की पूर्ति में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से लंबित पेंशन राशि का तत्काल भुगतान कराने की मांग की गई।
जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से तीनों मांगों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं किया गया तो आम नागरिकों के साथ लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस अवसर पर ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम दयाल चौरसिया, राजेन्द्र वर्मा, राजाराम बड़े भाई, रमेश गुप्ता, नरेन्द्र खंगराले, घनश्याम मीणा, मनोज पटेल, हसीन कुरैशी, इरफान लाला, तारा यादव, के.के.रिछारिया, तुलसी राजकुमार राठौर, संतोष मालवीय, कमलेश चाण्डक, राहुल ठाकुर, पियूश मालवीय, आसिफ अंसारी, तोसिफ शहीद, नितिन उपाध्याय, पंकज शर्मा, जयसिंह भारती, हरिओम सिसोदिया, मनीष मेवाड़ा, तनिष्क त्यागी, यश यादव, अनुभव सेन, जितेन्द्र परमार, अरबाज खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्याकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button